श्रीगंगानगर  ।  राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित शहरी सेवा शिविर 2026 के तहत नगर परिषद, श्रीगंगानगर द्वारा आमजन को राहत प्रदान करते हुए विभिन्न विभागीय सेवाओं के प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। शिविरों के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। 

आयुक्त राकेश कुमार रंगा ने बताया कि नगर परिषद, श्रीगंगानगर क्षेत्र में राज्य सरकार की मंशा अनुसार 12 जून 2026 से 18 जून 2026 तक विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। इस अवधि में 16 पट्टा प्रकरणों का निस्तारण किया गया। नामांतरण के प्राप्त 16 प्रकरणों में से 13 तथा भवन मानचित्र के प्राप्त 05 प्रकरणों में से 01 प्रकरण का निस्तारण किया गया। इसी प्रकार जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीकरण से संबंधित प्राप्त 286 प्रकरणों में से 278 प्रकरणों तथा ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र संबंधी प्राप्त 08 प्रकरणों में से सभी 05 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। यूडी टैक्स से संबंधित प्राप्त 31 प्रकरणों में से 29 प्रकरणों का निस्तारण किया गया जिससे नगर परिषद को लगभग दो लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं स्ट्रीट लाइट से संबंधित प्राप्त 48 शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया तथा निराश्रित पशुओं को पकड़ने संबंधी प्राप्त 18 शिकायतों का भी सफलतापूर्वक निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त विभिन्न नागरिक सेवाओं, पट्टा एवं राजस्व संबंधी प्रकरणों का निरंतर निस्तारण किया जा रहा है ताकि आमजन को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

आयुक्त एवं शिविर प्रभारी अधिकारियों ने बताया कि शहरी सेवा शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन को त्वरित एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध करवाना है। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निस्तारण कर नागरिकों को राहत पहुंचाई जा रही है। आयुक्त नगर परिषद राकेश कुमार रंगा द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाएं।

Source: