सर पदमपत सिंघानिया विश्वविद्यालय (एसपीएसयू), उदयपुर में 24 अप्रैल 2026 को स्पिक मैके के तत्वावधान में एक मनमोहक भरतनाट्यम प्रस्तुति का प्रदर्शन किया गया। इस सांस्कृतिक संध्या में प्रख्यात भरतनाट्यम कलाकार श्री सम्राट दत्ता ने अपने सहयोगी कलाकारों श्री श्रीराग, श्रीमती मोहना अय्यर एवं श्री विग्नेश जयरामन के साथ शानदार प्रस्तुति दी।


श्री सम्राट दत्ता, पद्म भूषण प्रो. सी.वी. चंद्रशेखर के शिष्य हैं तथा वे देश के प्रतिष्ठित भरतनाट्यम कलाकार, गुरु और कोरियोग्राफर के रूप में विख्यात हैं। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसिडेंट डॉ. संजय सिन्हा एवं प्रो- प्रेसिडेंट प्रो. (डॉ.) प्रसून चक्रवर्ती ने कलाकारों का सम्मान किया। इस अवसर पर डॉ. संजय सिन्हा ने भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के महत्व पर बल देते हुए विद्यार्थियों को शास्त्रीय कलाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया, ताकि उनमें परंपरा, अनुशासन और रचनात्मकता की गहरी समझ विकसित हो सके।

भरतनाट्यम प्रस्तुति में पैरों की सधी हुई थिरकन, अभिनय की सूक्ष्मता तथा ताल-लय का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। भावाभिव्यक्ति और कथा-वाचन शैली ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सहयोगी कलाकारों की उत्कृष्ट संगति ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बना दिया। उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों को भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपरा से रूबरू कराया। कार्यक्रम का समापन ‘वंदे मातरम्’ गीत पर भावपूर्ण प्रस्तुति के साथ हुआ।

इस अवसर पर यह भी बताया गया कि एसपीएसयू के वालंटियर IIT खड़गपुर में आयोजित होने वाले स्पिक मैके के 11वें अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं एसपीएसयू परिवार के सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम का समन्वय प्रो. डी.एस. चौहान, समन्वयक स्पिक मैके एवं डिप्टी डीन, छात्र कल्याण, द्वारा किया गया।

Source: