उदयपुर : फील्ड क्लब में 9 से 12 अप्रैल तक आयोजित प्रोफेशनल प्रीमियर टेनिस लीग (पीपीटीएल) सीजन-3 का रविवार रात भव्य समापन म्यूजिकल नाइट, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रोमांचक फाइनल मुकाबलों के साथ हर्षोल्लास के बीच संपन्न हुआ। खेल, उत्साह और प्रोफेशनल स्पोर्ट्स संस्कृति के शानदार संगम बने इस आयोजन ने एक बार फिर साबित किया कि टेनिस अब केवल महानगरों तक सीमित नहीं, बल्कि देशभर के प्रोफेशनल डिग्री होल्डर खिलाड़ियों के बीच भी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
वेद एसपीएसएल फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह लीग अपने तीसरे सीजन में कई मायनों में खास रही। इस बार टूर्नामेंट की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि इसे भारत का पहला सर्टिफाइड कार्बन न्यूट्रल स्पोर्ट्स इवेंट घोषित किया गया। पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ खेल को जोड़ने की यह पहल खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के लिए प्रेरणादायी रही।
टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण टीम इवेंट रहा, जिसमें देश के अलग-अलग शहरों की टीमों ने भाग लेकर मुकाबलों को बेहद प्रतिस्पर्धी बना दिया। फाइनल मुकाबले में जयपुर की टीए ऑल स्टार्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देहरादून की टॉपस्पिन टाइटंस को हराकर खिताब अपने नाम किया। कोच तारीक अनवर के मार्गदर्शन में उतरी विजेता टीम में अमित गोदारा, कपिल लाखलान, विष्णु राठौड़, आदिल राजा, आमिर खान, कुलदीप सिंह, कपिल तोडावत और सनी गिल ने बेहतरीन तालमेल और रणनीति का प्रदर्शन किया।
फाइनल में जयपुर की टीम के सामने प्रदीप पंत, संचित जैन, हेम कुमार पांडेय, निकुंज कमल, होशियार सिंह, राकेश मीणा और पार्थ चौहान जैसे अनुभवी खिलाड़ियों से सजी देहरादून की टीम थी। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, लेकिन निर्णायक क्षणों में टीए ऑल स्टार्स ने दबाव में बेहतर खेल दिखाते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
लीग में विभिन्न आयु और विशेष श्रेणियों के मुकाबलों ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। 100 प्लस एज कैटेगरी में तपन शर्मा और विकास कालराने की जोड़ी ने बेहद संघर्षपूर्ण फाइनल में गौरव भार्गव और एमएम जय गुरबख्शानी को 9-8 से हराकर खिताब जीता। यह मुकाबला पूरे टूर्नामेंट के सबसे रोमांचक मैचों में शामिल रहा।
इस सीजन की सबसे अनोखी और चर्चित प्रतियोगिता रही पिता-पुत्र युगल श्रेणी, जिसे देश में पहली बार इस प्रारूप में आयोजित किया गया। जयपुर के विरेंद्र सिंह और ओजसवीर सिंह की जोड़ी ने शानदार तालमेल दिखाते हुए अजमेर के अभिषेक तोसनीवाल और नमन तोसनीवाल को हराकर खिताब अपने नाम किया। इस वर्ग ने पारिवारिक खेल संस्कृति को एक नया आयाम दिया।
महिला वर्ग में अजमेर की जैनेस होजा ने पुणे की रमा को हराकर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं ओपन डबल्स में पृथ्वीशेखर और गौतम आनंद विजेता रहे, जबकि अतुल अरोड़ा और कार्तिक कन्नन को उपविजेता संतोष करना पड़ा।
आयु वर्ग के अन्य मुकाबलों में 80 प्लस कैटेगरी में प्रदीप पंत और संचित जैन की जोड़ी ने सुरेंद्र पारक और रामकुमार को पराजित किया। वहीं 120 प्लस में बृजेश प्रजापति और अनिल कुमार ने शरद मेहरा व अरविंद आर्य को हराकर खिताब अपने नाम किया। इन मुकाबलों ने यह दिखाया कि उम्र सिर्फ एक संख्या है और खेल के प्रति जुनून हर वर्ग में समान रूप से मौजूद है।
समापन समारोह में बीएस पंड्या और ब्रिजेश सोनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह के बाद आयोजित म्यूजिक नाइट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को यादगार बना दिया। खिलाड़ियों और दर्शकों ने खेल के साथ मनोरंजन का भी भरपूर आनंद लिया।
फील्ड क्लब की कार्यकारिणी के उमेश मनवानी, गौरव सिंहवी, यशपाल सिंह सिसोदिया और कपिल तोडावत ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं अमूल, वीवो, विनफास्ट, केएमटी, गैलियम और गोकेस्ट जैसे प्रायोजकों के सहयोग ने टूर्नामेंट को भव्यता प्रदान की। पीपीटीएल सीजन-3 का यह सफल समापन न केवल उदयपुर की खेल संस्कृति के लिए बड़ी उपलब्धि है, बल्कि आने वाले वर्षों में इसे देश के प्रतिष्ठित प्रोफेशनल टेनिस आयोजनों में शामिल करने की दिशा में भी एक मजबूत कदम माना जा रहा है।
Sports News
फील्ड क्लब में प्रोफेशनल प्रीमियर टेनिस लीग सीजन-3 का भव्य समापन, जयपुर की टीए ऑल स्टार्स बनी चैंपियन
Related stories
Need to Connect the New Generation with the Legacy of Haldighati and Dewair: Union Minister Shekhawat
Udaipur: Union Minister for Culture and Tourism Gajendra Singh Shekhawat said that the younger generation mus…
Panel Discussion on “Medical Tourism in Udaipur: Possibilities and Challenges” Held on World Tourism Day
Udaipur: On the occasion of World Tourism Day, the Tourism and Hotel Management Programme of Mohanlal Sukhadi…
Seeing the World Through the Camera: Photography Workshop Organised at Pacific College
Udaipur: A photography workshop was organised at Pacific College, Chitrakoot Nagar, on Saturday by Pacific Co…
BCI Yuva Investor Connect 2026 Held in Rajasthan, Attracts Registrations from 350 Startups
Udaipur: BCI Yuva Investor Connect 2026 was organised at IIM Udaipur with the objective of strengthening the…