श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव एवं जिला पुलिस अधीक्षक श्री हरिशंकर के नेतृत्व में जारी नशा मुक्त श्रीगंगानगर अभिान के तहत गजसिंहपुर के आर.एम. सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के श्री विक्रम ज्याणी कहा कि शिक्षक दिवस पर विद्यार्थियों द्वारा अपने शिक्षकों को पुष्प, उपहार दिए गए, पर कभी पूछो गुरु से वो क्या चाहते हैं।
आपसे गुरुजनों को ऐसा उपहार दो जिसकी कीमत किसी भी भौतिक वस्तु से कहीं अधिक है और वो है आजीवन नशामुक्त रहने का संकल्प। उन्हें वचन दो कि अपने जीवन में कभी भी किसी प्रकार के नशे को नहीं अपनाएंगे और समाज को भी नशामुक्त बनाने का प्रयास करेंगे।
क्योंकि ”एक शिक्षक तब गर्व से भर उठता है जब उसका शिष्य उससे आगे निकल जाता है। शिष्य की सफलता ही शिक्षक की सबसे बड़ी जीत होती है।प्रधानाचार्य श्री जोगेन्द्र चावला ने कहा कि आज नशा केवल व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार के सपनों का विनाश करता है।
यह माता-पिता की उम्मीदों को तोड़ देता है और शिक्षकों के वर्षों के परिश्रम पर भी प्रश्नचिह्न लगा देता है। इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी का यह संकल्प केवल व्यक्तिगत निर्णय नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव है।
विद्यालय परिसर में उपस्थित सभी विद्यार्थियों को श्री प्रवीण कुमार व श्री सहीराम द्वारा हाथ उठाकर सामूहिक शपथ दिलाई कि वे स्वयं किसी भी प्रकार का नशा नहीं करेंगे, अपने मित्रों को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे तथा एक स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।