श्रीगंगानगर। भारतीय जनता पार्टी ने पंचायती राज चुनावों की तैयारी को तेज करते हुए जिला उपाध्यक्ष रतन गणेशगढिया को हनुमानगढ़ जिले में पंचायत समिति संगरिया का प्रभारी नियुक्त किया है। यह नियुक्ति भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देश पर की गई है।
इस जिम्मेदारी के तहत रतन गणेशगढिया जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति प्रधान, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच और पंच के चुनावों में पार्टी की संगठनात्मक तैयारियों, उम्मीदवार चयन और प्रचार-प्रसार की अहम भूमिका निभाएंगे। उनका कार्यक्षेत्र संगरिया पंचायत समिति के समस्त क्षेत्रों को कवर करेगा, जहां वे स्थानीय कार्यकर्ताओं, सरपंचों और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर पार्टी की रणनीति को मजबूत करेंगे।
रतन गणेशगढिया लंबे समय से भाजपा के संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय हैं। पूर्व में भी उन्हें कई संगठनात्मक अभियानों के लिए विधानसभा संगरिया का प्रभारी बनाया गया था, जहां उन्होंने सफलतापूर्वक कार्य किया और उनकी भूमिका की सराहना हुई।
हाल ही में संपन्न स्थानीय निकाय चुनावों में भी उन्होंने श्रीगंगानगर नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस चुनाव के लिए उन्हें संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिसे उन्होंने कुशलता से निभाया।
रतन गणेशगढिया की संगठनात्मक क्षमता और क्षेत्रीय अनुभव को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है। उनकी नियुक्ति से संगरिया क्षेत्र में भाजपा की चुनावी तैयारियों को गति मिलेगी।