श्रीगंगानगर। स्थानीय हनुमानगढ़ मार्ग पर स्थित रिद्धि सिद्धि कॉलोनी प्रथम के प्लैटिनम पार्क में हाईटेक रामलीला का भव्य मंच तैयार हो गया है। रामलीला का मंचन कल रविवार रात 8 बजे रावण-नन्दीगण संवाद से प्रारंभ होगा। आज शनिवार रात को रामलीला के मंच पर संगीतमय सुंदरकांड का पाठ किया गया।

श्री रामलीला सेवा समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि कल रविवार रात को रामलीला का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद कुलदीप इंदौरा, विधायक जयदीप बिहानी और परफेक्ट एजुकेशन के डायरेक्टर पवन कुक्कड़ करेंगे।

समिति के संस्थापक कृष्णा गुनेजा, पवन वधवा और संजय गोयल सहित सभी पदाधिकारी सदस्य और कलाकार भी उपस्थित रहेंगे। श्री रामलीला सेवा समिति द्वारा हर वर्ष बहुत ही हाईटेक तरीके से इस रामलीला का मंचन किया जाता है।

रोजाना हजारों की संख्या में दर्शक इसे देखने पहुंचते हैं। साथ ही सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर लाइव टेलीकास्ट किया जाता है, जिससे देश-विदेश में बैठे लोग भी इसका आनंद ले सकते हैं।

सचिव दिनेश शर्मा ने बताया कि सभी कलाकारों ने जबरदस्त तैयारी की है।कल पहले दिन प्रार्थना के रूप में गणेश वन्दना से शुरुआत होगी, जिसके बाद रावण-नन्दीगण संवाद का मंचन होगा।

इस प्रसंग में रावण की भूमिका युवराज वशिष्ठ, शिव की भूमिका गौरव सोनी, नन्दीगण की भूमिका राजेश सारस्वत और मारीच की भूमिका लक्ष्य वशिष्ठ निभाएंगे।

इसके बाद कालादेव प्रसंग में नारद की भूमिका अजय सिवान और कालादेव की भूमिका रोहित करेंगे। इन्द्र दरबार में इन्द्र की भूमिका आशीष अरोड़ा, कालादेव की भूमिका रोहित, कामदेव की भूमिका दीप और लालदेव की भूमिका हार्दिक निभाएंगे।

नारद मोह,शिव, विष्णु प्रसंगों में अंकित, लक्ष्मी व हरप्रीत तथा अजय सिवान निभाएंगे। शीलनिधि की भूमिका तुषार भाटिया, विश्वमोहिनी की भूमिका हरप्रीत, विष्णु की अंकित निभाएंगे।

निर्देशक सुभेष देहडान ने बताया कि मंच पर एलईडी बैकग्राउंड, विशेष सामान, धुआं मशीन, फूलों की मशीन और अन्य हाईटेक इफेक्ट्स का उपयोग किया जाएगा।

दर्शक और सोशल मीडिया पर जुड़ने वाले सभी लोग पहले दिन से ही भव्य प्रस्तुति का आनंद ले सकेंगे।