उदयपुर। साहित्य एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए उदयपुर [राजस्थान ] निवासी सत्य भूषण शर्मा ने विलक्षण प्रतिभा साहित्यिक संस्था, पंजवार, सिवान (बिहार) द्वारा राष्ट्र स्तर आयोजित साहित्य सृजन सह ऑडियो-वीडियो प्रतियोगिता “मेरी शान तिरंगा है” में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
संस्था की ओर से जारी सम्मान-पत्र के अनुसार प्रतियोगिता में प्रदत्त विषय“मेरी शान तिरंगा है” पर उत्कृष्ट प्रस्तुति देने के लिए सत्य भूषण शर्मा को प्रथम स्थान से सम्मानित किया गया। संस्था ने उनके साहित्यिक सृजन, प्रभावी प्रस्तुति तथा रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की कामना की है।
सम्मान-पत्र में संस्था द्वारा उन्हें सम्मानित करते हुए कहा गया है कि उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर संस्था का मान बढ़ाया है। यह उपलब्धि उनके साहित्य, पत्रकारिता एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति के प्रति निरंतर सक्रिय योगदान को रेखांकित करती है।
सत्य भूषण शर्मा लंबे समय से शिक्षा के साथ साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे प्रवक्ता, पत्रकार, लेखक, कवि एवं यूट्यूबर के रूप में विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक, साहित्यिक एवं समसामयिक विषयों पर निरंतर लेखन और रचनात्मक कार्य करते रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर साहित्यिक, शैक्षिक एवं पत्रकारिता जगत से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
सत्य भूषण शर्मा ने इस सम्मान के लिए विलक्षण प्रतिभा साहित्यिक संस्था, पंजवार, सिवान (बिहार) के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार के आयोजन साहित्यकारों एवं रचनात्मक प्रतिभाओं को अपनी अभिव्यक्ति के लिए प्रेरक मंच प्रदान करते हैं।