उदयपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को कला और नृत्य के माध्यम से अभिव्यक्त करने के उद्देश्य से कथक आश्रम संस्थान एवं एम स्क्वायर प्रोडक्शन की संयुक्त प्रस्तुति में तैयार विशेष देशभक्ति गीत आधारित वीडियो का भव्य लॉन्च 14 अगस्त की शाम अशोका पैलेस स्थित मधुश्री बैंक्वेट हॉल में किया जाएगा।

वीडियो “देश से है प्यार तो हर पल यह रहना चाहिए” गीत पर आधारित है। इसका फिल्मांकन उदयपुर स्थित अशोका ग्रीन में किया गया है, जबकि शूटिंग कमल स्टूडियो द्वारा की गई है। वीडियो की कोरियोग्राफी कथक आश्रम संस्थान की संस्थापिका चंद्रकला चौधरी ने की है।

एम स्क्वायर प्रोडक्शन के सीईओ मुकेश माधवानी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस की भावना को केंद्र में रखते हुए इस विशेष वीडियो को तैयार किया गया है। इसमें देशप्रेम, संस्कृति और नृत्य का सुंदर समन्वय देखने को मिलेगा।

चंद्रकला चौधरी ने बताया कि वीडियो में शहर की प्रतिभाशाली बाल कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति के भावों को जीवंत किया है। इसमें दिविजा चौधरी, जियाना जैन, अनाया बोकडिया, शोमिली भटनागर, दक्षिका सुखवाल, अदिविता डांगी, नायरा बदाला, अरिष्ठा मल्लू और आध्या पालीवाल ने भाग लिया है।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाला यह लॉन्च समारोह देशभक्ति, कला और संस्कृति का संगम प्रस्तुत करेगा। आयोजकों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी को कला एवं नृत्य के माध्यम से देशप्रेम से जोड़ना और स्वतंत्रता दिवस की भावना को रचनात्मक अभिव्यक्ति देना है।