चित्तौड़गढ़, नगर परिषद निकाय चुनाव को लेकर चित्तौड़गढ़ शहर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के साथ निर्दलीय उम्मीदवार भी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इसी बीच वार्ड संख्या 17 में चुनाव प्रचार का एक अलग और आकर्षक अंदाज देखने को मिला।
वार्ड 17 से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सुरेश झंवर के समर्थन में प्रसिद्ध टीवी एवं फिल्म कलाकार जोजो और शादाब चुनाव प्रचार में उतरे। दोनों कलाकार पिछले दो दिनों से वार्ड के विभिन्न इलाकों में घर-घर जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं और मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं।
टीवी कलाकारों के अचानक चुनाव प्रचार में शामिल होने से वार्डवासियों और भाजपा समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। जोजो और शादाब ने वार्ड की गलियों और मोहल्लों में लोगों से मुलाकात कर सुरेश झंवर को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
कलाकारों को देखने और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए स्थानीय लोगों, खासकर युवाओं और महिलाओं में उत्साह नजर आया। कई स्थानों पर लोग कलाकारों से मिलने के लिए एकत्रित हुए।
टीवी कलाकारों की मौजूदगी ने वार्ड 17 के चुनाव प्रचार को खास बना दिया। उनके जनसंपर्क अभियान के चलते भाजपा प्रत्याशी के प्रचार को अलग पहचान मिली और क्षेत्र में चुनावी माहौल भी चर्चा का विषय बन गया।
निकाय चुनाव में प्रत्याशियों द्वारा मतदाताओं तक पहुंचने के लिए अपनाए जा रहे अलग-अलग प्रचार तरीकों के बीच वार्ड 17 में फिल्मी कलाकारों का यह जनसंपर्क अभियान खासा आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।