निंबाहेड़ा | मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ द्वारा कल्याण नगरी के राजाधिराज एवं जन-जन के आराध्य ठाकुर श्री कल्लाजी के 483 वे जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य आयोजन श्रावण शुक्ला अष्टमी गुरुवार को किया जाएगा।

जिसके तहत ठाकुर जी की मंगला आरती के साथ एकादश द्रव्यों से महा रुद्राभिषेक कर मन भावन श्रृंगार किया जाएगा। ठाकुर श्री कल्लाजी के हजारों कल्याण भक्त गुरुवार को क्षमापना पर्व के रूप में जन्मोत्सव को मनाएंगे।

वे एक दूसरे से वर्ष पर्यन्त हुई भूलों एवं गलतियों के लिए क्षमा याचना करते हुए जय श्री कल्याण के अभिवादन के साथ ठाकुर जी के जन्मदिन की बधाई देकर मुंह मीठा करते हुए जन्मोत्सव मनाएंगे।

ठाकुर जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में बिनोता, रानीखेड़ा, नया गांव एवं शंभुपुरा सहित अन्य गांवों से हजारों पदयात्री कल्याणनगरी पहुंचकर अपने आराध्य के दर्शन करते हुए जन्मोत्सव मनाएंगे।

ठाकुर श्री के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर वेदपीठ पर ठाकुर जी को नानाविध मिष्ठान एवं चटपटे व्यंजन का छप्पन भोग धराया जाएगा। जिसकी झांकी देखने योग्य होगी।

इस मौके पर विशेष रूप से 7 प्रकार की सुगंधित गूगल मंगवाई गई हैं, जो वेदपीठ को भीनी भीनी महक से सुगंधित करेगी। साथ ही सवा क्विंटल सतरंगी फूलों से ठाकुर जी का दरबार सजेगा।

ठाकुर श्री कल्लाजी का जन्मोत्सव कल्याणनगरी वासी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाएंगे।

इसके साथ ही मेवाड़, मालवा, वागड़, मारवाड़ और हाड़ौती सहित देश के अन्य क्षेत्रों से हजारो कल्याण भक्त कल्याण नगरी पहुंच कर अपने आराध्य के मनभावन दर्शन कर स्वयं को धन्य करते हुए अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर नानाविध नजराने ठाकुरजी को अर्पित करेंगे।

साथ ही नगरवासी घर-घर दीप जलाकर जन्मोत्सव के पावन अवसर पर ठाकुर जी से मनोकामना पूर्ण होने तथा देश प्रदेश में खुशहाली और अच्छी वर्षा की कामना करेंगे।

इस मौके पर नगर के मुख्य चौराहा पर रंगोली, दीप ज्योति एवं आतिशबाजी के साथ जन्मोत्सव का वातावरण बनाया गया है। ठाकुर श्री कल्लाजी के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर वेदपीठ परिसर में पंडित प्रहलाद कृष्ण एवं साथियों की भजनान्दी की स्वर लहरियों से परिसर गुंजायमान रहेगा।

नगर एवं आसपास के सभी विद्यालयों में मनाया जाएगा जन्मोत्सव ।

कल्याण नगरी सहित आसपास के गांवों के लगभग 150 राजकीय एवं निजी विद्यालयों में ठाकुर जी का जन्मोत्सव पूरी श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। वेदपीठ से जुड़े वीर वीरांगनाओ द्वारा विद्यालयों की प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को ठाकुर जी की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए बच्चों का मूंह मीठा कराते हुए जन्मदिन की बधाई दी जाएगी।

गौ सेवा, पक्षियों को दाना एवं अभ्यागतों को भोजन व नवीन वस्त्र जन जन के आराध्य ठाकुर श्री कल्लाजी के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर श्री कल्याण गौ शाला में वेदपीठ एवं कल्याण भक्तों द्वारा गायों को लापसी का भोग लगाकर हरा चारा खिलाने के साथ ही पक्षियों को दाना एवं चींटियों को कूलर खिलाया जाएगा। वहीं नगर के अभ्यागतों को भोजन करवाकर नये वस्त्र प्रदान किए जाएंगे।

*ठाकुर जी एवं वेदपीठ को जानो प्रतियोगिता में दिखा उत्साह।* ठाकुर जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में वेदपीठ की और से प्रथम बार ठाकुर श्री कल्लाजी एवं वेदपीठ को जानो प्रतियोगिता का आयोजन मंगलवार सायं एम. जी. एम विद्यालय में किया गया जिसमें वेदपीठ से जुड़े वीर एवं वीरांगना वाहिनी व कल्याण भक्तों के लगभग 50 प्रतिभागियों ने उपस्थित रह कर अपेक्षा से कई अच्छी जानकारी प्रदान की दो वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता के तहत बालिका वर्ग में कीर्ति भट्ट एवं भूमिका लौहार प्रथम , सोनल अस्तोलीया एवं भूपेंद्र द्वितीय, संजना राठौर एवं तनीषा अस्तोलीया तृतीय रहे।

युवा वर्ग में जितेंद्र कुमार सोनी प्रथम हरीश कुमार द्वितीय डा. परस राम कुमावत तृतीय व डा. सुरेश कुमावत चौथे स्थान पर रहे विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि बालमुकुंद राठी सहित वेदपीठ के न्यासी एवं पदाधिकारियों ने स्मृति चिन्ह एवं प्रशंसा पत्र भेंट कर सम्मानित किया ।

Source: other