जैसलमेर। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान, जयपुर द्वारा नगरीय निकायों के आम चुनाव-2026 की घोषणा के साथ ही जिला प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर कार्यालय के पास 24 घंटे संचालित नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
नियंत्रण कक्ष के माध्यम से चुनाव से संबंधित सूचनाओं की प्राप्ति एवं त्वरित संप्रेषण, मतदाताओं को आवश्यक सुविधा एवं मार्गदर्शन, चुनाव संबंधी शिकायतों का पंजीकरण एवं निस्तारण एवं आदर्श आचार संहिता के पालन से संबंधित कार्यों की प्रभावी निगरानी की जाएगी।
जिला रोजगार अधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा को नियंत्रण कक्ष का प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनका मोबाइल नम्बर 9166768182 है।
वहीं अति. मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, पंचायत समिति सम भवानी सिंह को सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनका मोबाइल नम्बर 9549163171 है।
नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नम्बर 02992-250082 है। यह नियंत्रण कक्ष चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने तक अनवरत 24 घंटे, राउंड द क्लॉक, अवकाश के दिनों में भी कार्यरत रहेगा।
जिला प्रशासन ने आमजन, मतदाताओं, राजनीतिक दलों, अभ्यर्थियों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों से अपील की है कि नगरीय निकाय चुनाव से संबंधित किसी भी सूचना, समस्या अथवा शिकायत के लिए नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें। प्राप्त सूचनाओं एवं शिकायतों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।