जैसलमेर । पश्चिमी राजस्थान के महाकुंभ के रूप में विख्यात बाबा रामदेवरा मेला-2026 का आयोजन रामदेवरा में भाद्रपद शुक्ल पक्ष द्वितीया 13 सितम्बर से भाद्रपद पूर्णिमा 26 सितम्बर तक होगा।
बाबा रामसा पीर का मेला विधिवत रूप से भादवा शुक्ला द्वितीया, 13 सितम्बर से शुभारम्भ होगा।
मेले में देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं एवं सभी व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अनुपमा जोरवाल ने मेले के दौरान संभावित अत्यधिक भीड़ एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए प्रशासनिक व्यवस्थाओं को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के लिए विस्तृत आदेश जारी किए हैं। आदेश के तहत विभिन्न विभागों के अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारी के अनुरूप विभागवार दायित्व एवं आवश्यक दिशा-निर्देश सौंपे गए हैं।
जिला कलक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सौंपे गए कार्यों एवं दायित्वों का गंभीरता, तत्परता एवं आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयावधि में अनिवार्य रूप से निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं समय रहते आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया है।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि मेले के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, विद्युत, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, स्वच्छता, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
जिला प्रशासन का उद्देश्य मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय एवं पूर्ण संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए मेले की व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक संपादित करने के निर्देश दिए गए हैं।