श्रीगंगानगर। जर्मन साहित्यकार सिग्फ्रीड लेंज की प्रसिद्ध कहानी पर आधारित नाटक ‘अपराधी’ का मंचन जोरा क्रिएशन्स द्वारा 13 सितंबर शाम 6 बजे नोजगे पब्लिक स्कूल के ऑडिटोरियम में होगा।

निर्देशक, अभिनेता और अनुवादक विजय जोरा ने बताया कि सिग्फ्रीड लेंज की यह कहानी अपराध, निर्दोषता और नैतिक जिम्मेदारी के गहरे सवाल उठाती है।

एक अपराध के बाद विभिन्न वर्गों के लोग-डॉक्टर, बैंक अधिकारी, पुलिस इंस्पेक्टर, कैदी, इंजीनियर, ट्रक ड्राइवर, लेखक, छात्र नेता और होटल मालिक-एक मंच पर आते हैं।

हर पात्र अपने दृष्टिकोण से ‘अपराधी’ कौन है, यह तय करने की कोशिश करता है। कहानी पूछती है कि अपराध केवल कानून का उल्लंघन है या समाज, परिस्थिति और चुप्पी भी अपराध में शामिल होती है।

नाटक दर्शकों को सोचने पर मजबूर करता है कि सच्चा अपराधी बाहर है या हमारे भीतर।

विजय जोरा ने बताया कि नाटक में ममता आहूजा डॉक्टर की भूमिका निभाएंगी। बैंक डायरेक्टर की भूमिका ममता पुरी करेंगी।

पुलिस इंस्पेक्टर का किरदार खुद विजय जोरा निभाएंगे।

गौरव बलाना कैदी, अशोक चलाना इंजीनियर, उमंग शर्मा ट्रक ड्राइवर, दीपक सारस्वत लेखक, विक्रम मोंगा छात्र नेता, शिवा चारण कैप्टन और साहिल मौर्या होटल मालिक की भूमिका में नजर आएंगे।मंच के पीछे संदीप कौर कॉस्ट्यूम और मेकअप संभालेंगी।

हर्ष छनपहाड़िया स्टेज मैनेजर, वैभव प्रॉप्स मैनेजर और अमित कटारा सेट डिजाइनर की जिम्मेदारी निभाएंगे।

विजय जोरा ने बताया कि सभी कलाकार कई दिनों से नियमित रिहर्सल कर रहे हैं ताकि मंचन प्रभावी और भावपूर्ण हो। उन्होंने कहा कि सभी नाट्य प्रेमी शाम 6 बजे तक नोजगे पब्लिक स्कूल के ऑडिटोरियम पहुंचें और इस शानदार प्रस्तुति का आनंद लें।