उदयपुर। न्यू भूपालपुरा स्थित सेंट्रल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल (सीपीएस) का 32वां स्थापना दिवस बुधवार, 19 अगस्त 2026 को हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। समारोह में सीपीएस एवं रॉकवुड्स की चेयरपर्सन डॉ. अलका शर्मा, विद्यालय के पूर्व छात्र एवं 2025 में यूपीएससी परीक्षा में चयनित रमेश चौधरी सहित विद्यालय प्रबंधन के पदाधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने सामूहिक गान की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसने वातावरण को उत्साह और उमंग से भर दिया। इस अवसर पर विद्यालय में प्रारंभिक वर्षों से अध्ययनरत रहे विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
कक्षा 12वीं की छात्राओं मिष्टी टांक और मंशिका नागदा ने अपने विद्यालयी जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि सीपीएस में प्राप्त शिक्षा, मार्गदर्शन और संस्कारों ने उनके व्यक्तित्व के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
समारोह में छात्राओं ने शास्त्रीय नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने खूब सराहा।
विद्यालय के पूर्व छात्र रमेश चौधरी, जिन्होंने वर्ष 2025 की यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल की, ने विद्यार्थियों को प्रेरक संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन और कठिन परिश्रम आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और निरंतर प्रयास करते रहने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने अपनी सफलता में सीपीएस में प्राप्त शिक्षा और शिक्षकों के मार्गदर्शन के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए विद्यालय के प्रति आभार व्यक्त किया।
सीपीएस एवं रॉकवुड्स की चेयरपर्सन डॉ. अलका शर्मा ने कहा कि किसी भी संस्थान की विकास यात्रा में अनेक लोगों का योगदान होता है। सामूहिक सहयोग, टीम भावना और चुनौतियों का सामना करने का साहस ही किसी संस्थान को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि सीपीएस विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर अवसर प्रदान कर रहा है।
समारोह में निदेशक प्रशासन अनिल शर्मा, निदेशक डॉ. दीपक शर्मा, संयुक्त निदेशक विक्रमजीत सिंह शेखावत, प्रशासक सुनील बाबेल, प्राचार्या पूनम राठौड़ और प्रधानाध्यापिका कृष्णा शक्तावत सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने स्थापना दिवस पर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और संस्थान की निरंतर प्रगति एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।