उदयपुर, कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड इंजीनियरिंग (CTAE), महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MPUAT), उदयपुर में सोमवार को हिंदी दिवस के अवसर पर गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में कुलगुरु एवं मुख्य अतिथि डॉ. प्रताप सिंह धाकड़ की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. प्रताप सिंह जी धाकड़ ने अपने संबोधन में हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी हमारी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ी भाषा है और इसे ज्ञान, तकनीक एवं आधुनिक शिक्षा के क्षेत्रों में भी प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा एवं भारतीय भाषाओं के प्रति गौरव की भावना रखने के लिए प्रेरित किया।
वहीं मुख्य वक्ता डॉ. अनुपम, सह आचार्य, हिंदी, मीरा गर्ल्स कॉलेज, उदयपुर ने अपने सारगर्भित उद्बोधन से हिंदी भाषा के महत्व, उसकी सांस्कृतिक विरासत तथा वर्तमान समय में उसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की भूमिका प्रस्तुत करते हुए अधिष्ठाता डॉ विनोद यादव ने हिंदी के महत्व एवं युवा पीढ़ी में हिंदी के प्रति सम्मान और उपयोग की भावना को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर विचार व्यक्त किए। समारोह के अंत में सहायक अधिष्ठाता छात्र कल्याण (ADSW) ई. विवेक मीणा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। मंच का संचालन छात्रा अवनी सुहालका ने किया।