उदयपुर। हिंदी साहित्य के क्षेत्र में निरंतर सक्रियता, उत्कृष्ट एवं मौलिक साहित्यिक लेखन तथा हिंदी भाषा की सेवा के लिए उदयपुर निवासी सत्य भूषण शर्मा को हिंदी साहित्य सेवा सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया है।

यह सम्मान विलक्षण प्रतिभा साहित्यिक संस्था, पंजवार, सिवान (बिहार) द्वारा प्रदान किया गया। संस्था ने सम्मान-पत्र में शर्मा की हिंदी साहित्य के प्रति निरंतर सेवा एवं उत्कृष्ट, मौलिक साहित्यिक योगदान की सराहना करते हुए राजभाषा हिंदी के संवर्धन, संरक्षण एवं समृद्धि के लिए उनके समर्पित प्रयासों को अनुकरणीय बताया है।

सत्य भूषण शर्मा शिक्षा एवं साहित्य दोनों क्षेत्रों में सक्रिय हैं। वे प्रवक्ता भौतिक विज्ञान, पत्रकार, लेखक, कवि एवं यूट्यूबर के रूप में कार्य करते हुए विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक, साहित्यिक एवं समसामयिक विषयों पर निरंतर लेखन करते हैं। उनके लेख एवं कविताएं  देश भर के विभिन्न समाचार-पत्रों एवं पत्रिकाओं में प्रकाशित होते रहे हैं।

सम्मान प्राप्त होने पर शर्मा ने विलक्षण प्रतिभा साहित्यिक संस्था, पंजवार, सिवान (बिहार) के पदाधिकारियों एवं साहित्यकारों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी संवेदना, संस्कृति और विचारों की सशक्त अभिव्यक्ति है। हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा युवा पीढ़ी को साहित्य एवं रचनात्मक लेखन से जोड़ने के लिए वे निरंतर प्रयास करते रहेंगे।