उदयपुर। महाराणा मेवाड़ विद्या मंदिर, अंबामाता की कक्षा 3 की प्रतिभाशाली छात्रा शांभवी सुनील कुमार सारस्वत ने अपनी असाधारण खेल प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय एवं मेवाड़ का गौरव बढ़ाया है।
जयपुर में आयोजित सीबीएसई वेस्ट जोन स्केटिंग टूर्नामेंट 2026-27 में शांभवी ने क्वाड्स 1 लैप रोड रेस स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (Silver Medal) अपने नाम किया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है।
इस सफलता के फलस्वरूप शांभवी कर्नाटक के बेलगावी में आयोजित होने वाली सीबीएसई नेशनल स्केटिंग चैंपियनशिप 2026-27 (अंडर-9) में भाग लेने के लिए सोमवार को रवाना हुईं। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन ग्लोबल इंटरनेशनल स्कूल, सीबीएसई द्वारा किया जा रहा है, जिसमें देशभर के प्रतिभाशाली युवा स्केटर्स अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
विद्यालय के मानद निदेशक सतीश कुमार शर्मा ने शांभवी की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इतनी कम आयु में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित होना उसकी निरंतर मेहनत, लगन, अनुशासन एवं खेल के प्रति समर्पण का परिचायक है।
विद्यालय परिवार ने शांभवी को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्वर्णिम सफलता प्राप्त करने की कामना की।