ओरिएंटल पैलेस के रिवाह हाल में समृति शेष के.जी. गट्टानी को समर्पित डॉक्टर विनोद सोमानी ' हंस ' की गजल संग्रह "मेरे एहसास" पर डॉक्टर किशन दधीच की अध्यक्षता में जानेमाने साहित्यकारो द्वारा 'विरासत' विषय पर सारगर्भित काव्यात्मक संगोष्ठी की गई । जिसका संयोजन श्रीमती कौशल्या गट्टानी के सान्निध्य में डॉ श्रीमती श्रद्धा गट्टानी द्वारा किया गया ।
प्रोफेसर शिव सिंह सारंगदेव, कुलगुरु गुरु गोविंद जनजातिय विश्व विद्यालय, बांसवाड़ा, के मुख्य आतिथ्य में डॉ.जीवन सिंह खरकवाल , डॉ. बसंत सोलंकी, डॉ.लाईक हुसैन, डॉ.मंजू चतुर्वेदी ने प्रमुख रूप से चर्चा में भाग लिया ।
चर्चाओं से पूर्व सर्वप्रथम श्रीमती डा.श्रद्धा द्वारा उनके पिता डॉ विनोद सोमानी हंस व ससुर के.जी. गट्टानी द्वारा दी गई प्रेरणा के सम्बंध में विस्तार से चर्चा की तथा सभी अतिथियों का स्वागत किया गया व स्मृति चिन्ह के साथ मधुर मुस्कान की प्रति भी भेंट की गई ।
अंत में राष्ट्रगान व अल्पाहार के साथ इस साहित्यिक चर्चा को विराम दिया गया ।
समूर्ण संगोष्ठी का विवरण प्रस्तुत करते हुए मीडिया प्रभारी डॉ विमल शर्मा ने बताया कि आज के साहित्यिक आयोजन में उपस्थित अतिथियों एवं वक्ताओं ने ‘ विरासत’ विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा, साहित्य की सामाजिक भूमिका, पारिवारिक संस्कारों और युवा पीढ़ी के दायित्वों पर महत्वपूर्ण उद्बोधन दिए। वक्ताओं ने कहा कि विरासत केवल अतीत की स्मृतियों का संग्रह नहीं, बल्कि वह जीवन-दृष्टि है, जो वर्तमान को दिशा देती है और भविष्य का निर्माण करती है।
मुख्य अतिथि प्रो. सारंगदेवोत का उद्बोधन : आत्मसंवाद और युवा पीढ़ी की जिम्मेदारी प्रो. सारंगदेवोत ने अपने संबोधन में आत्मसंवाद को जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
उन्होंने कहा कि युवाओं को यह जानना और समझना जरूरी है कि उन्हें जीवन में क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए। इसके लिए आत्ममंथन, विवेक और दृढ़ संकल्प की आवश्यकता है।
उन्होंने Be Fair and Firm का संदेश देते हुए निष्पक्षता के साथ अपने सिद्धांतों पर दृढ़ रहने की प्रेरणा दी।
जीवन जी खारकवाल : काल, साहित्य और विरासत का दार्शनिक विवेचन जीवन जी खारकवाल ने ग़ज़ल और कसीदे के माध्यम से अच्छाई और बुराई, दोनों पक्षों की साहित्यिक अभिव्यक्ति का उल्लेख किया। उन्होंने ‘हमारी विरासत, हमारा समय’ विषय को व्यापक ऐतिहासिक एवं दार्शनिक परिप्रेक्ष्य में रखते हुए कहा कि देश, काल और परिस्थितियां निरंतर बदलती रहती हैं। समय की गति को समझना और उसके साथ अपनी सांस्कृतिक पहचान बनाए रखना आवश्यक है।
उन्होंने अथर्ववेद के कालसूक्त का उल्लेख करते हुए काल की विराट अवधारणा को रेखांकित किया। काल को घोड़े और रथ के प्रतीकों से जोड़ते हुए उसके सात किरणों, हजार आंखों, अजन्मा-अजर-अमर तथा ऐश्वर्यवान स्वरूप की व्याख्या की।
उन्होंने कहा कि काल की इस विराट सत्ता की सवारी वही कर सकता है, जो भविष्यदृष्टा हो। साहित्यिक विरासत का प्रतिनिधित्व करने वाला कवि अपनी सृजनशीलता और संवेदनशीलता के माध्यम से समय की गति को पहचानता है और समाज को दिशा देता है।
उन्होंने साहित्यिक ज्ञान, परंपरा और संस्कृति को हमारी अमूल्य विरासत बताया। ईशावास्य उपनिषद तथा गांधीजी की हिंदू धर्म संबंधी व्याख्या का संदर्भ देते हुए एक श्लोक में निहित व्यापक जीवन-दर्शन की ओर ध्यान आकर्षित किया।
उन्होंने क्रिटिकल थ्योरी के संदर्भ में कठोपनिषद के नचिकेता प्रसंग का उल्लेख किया। नचिकेता द्वारा अपने पिता के निर्णय पर प्रश्न उठाने और मृत्यु के रहस्य को जानने की जिज्ञासा को ज्ञान प्राप्ति के लिए प्रश्नाकुलता, साहस और तर्कशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
बसंत जी सोलंकी : विश्वास से आगे बढ़ेगी विरासत श्री बसंत जी सोलंकी ने कहा कि जो विरासत विश्वास के साथ युवा पीढ़ी को सौंपी जाती है, वही आगे बढ़कर समाज और संस्कृति को समृद्ध करती है। विरासत का हस्तांतरण केवल परंपराओं को सौंपना नहीं, बल्कि उनके पीछे छिपे जीवन-मूल्यों और जिम्मेदारियों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास को पीढ़ियों के बीच मजबूत सेतु बताया।
डॉ मंजू चतुर्वेदी : परिवार से प्राप्त विरासत ही जीवन की असली पूंजी डॉ मंजू चतुर्वेदी ने पारिवारिक विरासत के भावनात्मक और मानवीय पक्ष को अत्यंत संवेदनशीलता से प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि परिवार से हमें प्रेम, विश्वास, आत्मीयता, भावनाएं और एक-दूसरे के प्रति कद्र करने का संस्कार मिलता है।
ये ऐसे मूल्य हैं, जिन्हें किसी भौतिक संपत्ति से नहीं तौला जा सकता।उन्होंने अपनी मर्मस्पर्शी कविताओं का पाठ करते हुए पारिवारिक स्मृतियों और रिश्तों की आत्मीयता को जीवंत किया।
उनकी कविता ‘पुराने घर में बुआ का आना’ ने पुराने पारिवारिक परिवेश, रिश्तों की मिठास और बीते समय की आत्मीय यादों को साकार किया। वहीं ‘तुम्हारे रोशनी की नदी में हमारे स्वप्न समाए’ जैसी भावपूर्ण अभिव्यक्ति ने श्रोताओं को संवेदनाओं की गहराई से जोड़ा।
उन्होंने सच्ची कविता को भी एक परिवार की संज्ञा देते हुए साहित्य को मनुष्य के मनोभावों और आपसी आत्मीयता का सशक्त माध्यम बताया।
अध्यक्षीय उद्बोधन : श्री किशन दाधीच अध्यक्ष श्री किशन दाधीच ने अपने विचारों में पारिवारिक संस्कारों के बदलते स्वरूप पर चिंता और चिंतन दोनों व्यक्त किए। उन्होंने एक विचारोत्तेजक प्रश्न उठाया कि आज ऐसे कितने घर शेष हैं, जहां संस्कारों का वास्तविक रूप में पालन-पोषण हो रहा है।
उन्होंने हिंदुस्तान में लिखी सबसे पुरानी ग़ज़ल सुनाई। उन्होंने कवि की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि कवि का दायित्व केवल शब्दों की रचना करना नहीं, बल्कि इंसानियत को जोड़ना भी है। कवि अपनी कल्पनाशीलता और संवेदना से उस अदृश्य का भी वर्णन कर सकता है, जिसे सामान्य दृष्टि से देख पाना संभव नहीं होता। इस प्रकार साहित्य मनुष्य को मनुष्य से जोड़ने और समाज में मानवीय संवेदनाओं को जीवित रखने का महत्वपूर्ण कार्य करता है।
विरासत अतीत की धरोहर है, वर्तमान की जिम्मेदारी है और भविष्य की अमानत है। साहित्यकार इस अमानत का संवाहक बनकर समय के साथ संवाद करता है और पीढ़ियों के बीच मानवीय मूल्यों की कड़ी को मजबूत करता है।