जैसलमेर। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने गुरूवार को पंचायत समिति सम की ग्राम पंचायत सलखा में आयोजित फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर का औचक निरीक्षण किया एवं शिविर मेें ग्रामीणों के लिए निपटाए गए कार्यों की विस्तार से जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर जोरवाल ने विभागवार स्टॉलों का भ्रमण कर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की गुणवत्ता, आवेदन निस्तारण की प्रक्रिया तथा फॉलो-अप कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।

उन्होंने शिविर में विभागवार निस्तारित किए गए कार्यों की समीक्षा की एवं निर्देश दिये कि विभाग स्तर पर निस्तारित होने वाली परिवेदनाओं का मौके पर ही निस्तारण किया जाऐ।

उन्होनें फॉलोअप कैम्प में पूर्व में बकाया/लम्बित प्रकरणों का भी प्राथमिकता से निस्तारण कर लोगों को रहात देने के निर्देश दिये ताकि फॉलोअप कैम्प की सही उपादेयता सिद्व हो।

जिला कलक्टर ने राजस्व, पंचायती राज, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, कृषि, विद्युत, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों से कार्यप्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आयोजित फॉलोअप शिविर त्वरित समस्या समाधान का प्रभावी माध्यम हैं। अधिकारी संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं समन्वय के साथ कार्य करते हुए आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान उपखण्ड अधिकारी रामलाल मीणा, तहसीलदार सम, कालूराम, विकास अधिकारी किशन सिंह, प्रशासक ग्राम पंचायत किशन सिंह सहित अन्य ग्रामीणजन उपस्थित थे। तहसीलदार ने फॉलोअप शिविर में हुए कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।