जैसलमेर । माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ओमी पुरोहित जिला एवं सेशन न्यायाधीश के निर्देशन में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ललित पुरोहित द्वारा नालसा जागृति स्कीम 2025 के तहत माह अगस्त 2026 की थीम ‘सशक्त युवा-सशक्त भारत‘ विषय पर पॉलिटेक्निक कॉलेज, जैसलमेर में मेरा युवा भारत के संयुक्त तत्वावधान में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें जिला युवा अधिकारी पंकज माड़ेचा, प्रधानाचार्य स्नेह कुमार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरूआत में सचिव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण में युवाओं की भूमिका सर्वोपरि है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को न केवल अपने मौलिक अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों का भी निष्ठापूर्वक पालन करना चाहिए।

शिविर के दौरान सचिव ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को निःशुल्क विधिक सहायता योजना, नालसा एवं रालसा की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, साइबर अपराधों से बचाव, और नशा मुक्ति के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि कानून की जानकारी ही आपको अपराधों से बचा सकती है और एक जिम्मेदार नागरिक बना सकती है। इसके अतिरिक्त सचिव ने यह भी कहा कि आज के बदलते दौर में युवाओं को जीवन के प्रति अपना दृष्टिकोण बदलने की सख्त जरूरत है।

युवाओं को नकारात्मकता के जाल से बाहर निकलकर सकारात्मकता का रास्ता चुनना चाहिए, यही सकारात्मक ऊर्जा न केवल उनके व्यक्तिगत जीवन को संवारेगी, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी संबसे बड़ा योगदान देगी।

सचिव ने बताया कि आज का युग विज्ञान और तकनीक का युग है। स्मार्टफोन और इंटरनेट ने दुनिया को बहुत छोटा और सुलभ बना दिया है।

इस तकनीकी क्रांति के बीच युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण हो जाती है। युवाओं को तकनीक का दुरूपयोग करने के बजाय इसका सदुपयोग अपने करियर और समाज के विकास के लिए करना चाहिए।

तकनीक का सही इस्तेमाल शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण के क्षेत्र में नए बदलाव ला सकता है। युवाओं को साइबर अपराधों और गेमिंग की लत से दूर रहकर खुद को रचनात्मक कार्यों में व्यस्त रखना चाहिए।

सचिव ने कहा तकनीक एक बेहतरीन साधन है, बेशर्त इसका उपयोग सही दिशा में किया जाए तो युवा पीढ़ी सकारात्मक और अनुशासित रहेगी, तभी सशक्त भारत का निर्माण होगा।