नई दिल्ली। भारत की विश्वप्रसिद्ध लग्जरी ट्रेन पैलेस ऑन व्हील्स बुधवार 9 सितंबर को नए शाही अंदाज के साथ इस वर्ष के अपने नए पर्यटन सीजन की पहली यात्रा पर नई दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से गन्तव्य स्थानों के लिए रवाना हुई।
सफदरजंग रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर हुई भव्य फ्लैग ऑफ सेरेमनी में राजस्थान के पर्यटन विभाग की प्रिंसिपल सेक्रेटरी शुचि त्यागी एवं एविडेंट ट्रैवल सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड (एटीएसपीएल ) के मैनेजिंग डायरेक्टर भगत सिंह लोहागढ़ ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर नए सीजन की यात्रा पर रवाना किया ।
नए सीजन के पहले टूर में 77 मेहमान शाही ट्रेन में राजस्थान की यात्रा पर रवाना हुए। टूर में भारतीय पर्यटकों के साथ एनआरए , यूएसए , यूके और ऑस्ट्रेलिया से आए पर्यटक तथा यूएसए से आए ओसीआई मेहमान भी शामिल हैं।
*नए रंग-रूप में नजर आ रही है शाही ट्रेन* एटीएसपीएल के मैनेजिंग डायरेक्टर भगत सिंह लोहागढ़ ने बताया कि नए सीजन को विशेष बनाने और यात्रियों के अनुभव को बेहतर करने के उद्देश्य से पैलेस ऑन व्हील्स में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।
ट्रेन के दोनों रेस्टोरेंट्स के इंटीरियर को नया एवं अधिक भव्य स्वरूप दिया गया है तथा क्रॉकरी को भी पूरी तरह अपग्रेड किया गया है।ट्रेन के इंटीरियर को और आकर्षक एवं राजसी बनाने के लिए नए पर्दों एवं अन्य सजावटी तत्वों का उपयोग किया गया है।
ट्रेन के छह कमरों में कार्पेट हटाकर विशेष मार्बल लगाया गया है, जिसमें आकर्षक इनले वर्क के साथ ब्रास एवं पीतल का विशेष काम किया गया है।ट्रेन की दीवारों पर जर्मन सिल्वर के विशेष सजावटी कार्य और आकर्षक मेटल वर्क किए गए हैं।
इन बदलावों से कमरों का स्वरूप पहले से कहीं अधिक भव्य, सुरुचिपूर्ण और राजसी नजर आएगा।इन व्यापक बदलावों के बाद पैलेस ऑन व्हील्स का वातावरण राजस्थान की शाही विरासत और आधुनिक लक्जरी के सुंदर संगम के रूप में यात्रियों को नया और यादगार अनुभव प्रदान करेगा।
*खान-पान के अनुभव में भी खास बदलाव* भगत सिंह लोहागढ़ ने बताया कि इस सीजन में यात्रियों के खान-पान के अनुभव को भी विशेष रूप से अपग्रेड किया गया है।
नए मेन्यू में राजस्थान और भारत के पारंपरिक एवं प्रामाणिक व्यंजनों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों का उत्कृष्ट मिश्रण तैयार किया गया है।भारतीय पारंपरिक व्यंजनों को शाही अंदाज और आधुनिक प्रस्तुति के साथ परोसा जाएगा।
वहीं विदेशी पर्यटकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों की विशेष रेंज भी शामिल की गई है।इस प्रकार यात्रियों को एक ही यात्रा में राजस्थानी शाही स्वाद, भारतीय पारंपरिक व्यंजन और विश्वस्तरीय अंतरराष्ट्रीय क्विज़न का अनूठा अनुभव मिलेगा।
*मेडिकल हेल्थ चेकअप के विशेष प्रबन्ध* लोहागढ़ ने बताया कि ट्रेन में यात्रियों के लिए बीमा की सुविधा पहले से उपलब्ध है।
इस बार यात्रियों के स्वास्थ्य को और प्राथमिकता देते हुए टाटा 1एमजी और टाटा ग्रुप के साथ एक विशेष एमओयू किया गया है।इसके तहत पैलेस ऑन व्हील्स में यात्रा करने वाले प्रत्येक मेहमान का मेडिकल हेल्थ चेकअप कराया जाएगा, जिसमें लगभग 76 प्रकार के टेस्ट शामिल होंगे।इस पहल से यात्रियों को यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी बेहतर जानकारी एवं सुविधा मिलने के साथ-साथ भारत में मेडिकल टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भारत की चिकित्सा सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल होगी।
*ट्रेन में अब मिलेगा ज्योतिषीय अनुभव भी* मेहमानों की विशेष रुचि और मांग को ध्यान में रखते हुए इस सीजन में पैलेस ऑन व्हील्स में एक अनुभवी एस्ट्रोलॉजर की विशेष सेवा भी उपलब्ध रहेगी।मेहमान अपनी जन्मतिथि एवं जन्म संबंधी जानकारी के आधार पर अपनी कुंडली का विश्लेषण करवा सकेंगे तथा राशि, ग्रह-नक्षत्र, भविष्य से जुड़ी विभिन्न जानकारियां और ज्योतिषीय मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे।
यह पहल पैलेस ऑन व्हील्स की यात्रा में एक नया और व्यक्तिगत अनुभव जोड़ने का प्रयास है।
*पहले चार टूर सोल्ड आउट* पैलेस ऑन व्हील्स के नए सीजन को शुरुआत से ही शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है और इस सीजन के पहले चार टूर पहले ही सोल्ड ऑउट हो चुके हैं।शुरुआती बुकिंग और यात्रियों से मिल रहे उत्साहजनक रिस्पॉन्स ने इस सीजन को लेकर उम्मीदों को और बढ़ा दिया है। प्रबंधन का मानना है कि नए बदलावों, बेहतर सुविधाओं और उन्नत सेवाओं के साथ यह सीजन पैलेस ऑन व्हील्स के लिए शानदार और रिकॉर्ड बनाने वाला साबित हो सकता है।
*हर पड़ाव पर होगा अलग अंदाज में राजसी स्वागत* पैलेस ऑन व्हील्स में सफर करने वाले मेहमानों के स्वागत के लिए इस बार विभिन्न शहरों में विशेष सांस्कृतिक एवं शाही कार्यक्रम तैयार किए गए हैं।नई दिल्ली में रॉयल पाइप बैंड एवं पारंपरिक फूलों की मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। वहीं जयपुर में कच्छी घोड़ी, शहनाई, फूलों की माला एवं हाथी के साथ मेहमानों का राजस्थानी अंदाज में अभिनंदन होगा।
चित्तौड़गढ़ में पारंपरिक घोड़ी के साथ राजस्थान की सांस्कृतिक परंपराओं के अनुरूप स्वागत किया जाएगा।उदयपुर में ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ पारंपरिक राजस्थानी स्वागत होगा। जैसलमेर में कालबेलिया नृत्य एवं पारंपरिक लोक संगीत की विशेष प्रस्तुति के साथ मेहमानों का स्वागत किया जाएगा।जोधपुर में ब्रास बैंड द्वारा विशेष एवं भव्य स्वागत किया जाएगा।
शाही विरासत के साथ आधुनिक अनुभव का संगम भगत सिंह लोहागढ़ ने कहा, “पैलेस ऑन व्हील्स केवल एक लग्जरी ट्रेन नहीं है, बल्कि राजस्थान की शाही विरासत, संस्कृति, परंपरा और अतिथि सत्कार का चलता-फिरता अनुभव है।
नए सीजन के लिए ट्रेन के इंटीरियर, रेस्टोरेंट्स, क्रॉकरी, सैलून और खान-पान सहित कई क्षेत्रों में विशेष बदलाव किए गए हैं।”उन्होंने कहा कि , “इस बार हमारा प्रयास है कि पैलेस ऑन व्हील्स में यात्रा करने वाले प्रत्येक मेहमान को पहले से बेहतर और अधिक यादगार अनुभव मिले।
इंटीरियर और खान-पान में बदलाव के साथ स्वास्थ्य सेवाओं तथा यात्रियों की व्यक्तिगत रुचियों को भी ध्यान में रखा गया है।
शुरुआती प्रतिक्रिया बेहद उत्साहजनक है और हमें पूरा विश्वास है कि यह सीजन पैलेस ऑन व्हील्स के लिए एक शानदार और रिकॉर्ड बनाने वाला सीजन साबित होगा।”
शुभारम्भ अवसर पर पैलेस ऑन व्हील्स के मैनेजमेंट एवं ऑपरेशनल टीम के सदस्य भी उपस्थित रहे। विभिन्न देशों और क्षेत्रों से आए मेहमानों की भागीदारी पैलेस ऑन व्हील्स की अंतरराष्ट्रीय लोकप्रियता और राजस्थान के प्रति विदेशी पर्यटकों के बढ़ते आकर्षण को दर्शाती है।