बांसवाड़ा / गायत्री मण्डल एवं श्री हनुमत चरित्र प्रचार समिति के संयुक्त तत्वावधान में धर्मग्रंथों के अलौकिक सर्जक भक्त कवि तुलसीदासजी की 514वीं जयन्ती पर श्री पीताम्बरा आश्रम में आयोजित तुलसी जयन्ती समारोह बुधवार रात सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर विधि-विधान के साथ श्रीराम वन्दना एवं हनुमान पूजा-अर्चना तथा तुलसीकृत साहित्य पूजन के उपरान्त संगीतमय सुन्दरकाण्ड का पाठ हुआ, इसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने हिस्सा लिया।

इस दौरान् श्री हनुमत चरित्र प्रचार समिति के संस्थापक संचालक श्री कपिल जोशी के संयोजन में मानस भक्तों एवं भजन गायकों अमृतलाल सनाढ्य, विष्णु कंसारा, विमल जोशी, राजेन्द्र वैष्णव, मोनिका वैष्णव आदि ने भक्तिभाव और वाणी माधुर्य के साथ संगीतमय सुन्दरकाण्ड पठन कर श्रद्धा व आस्था का ज्वार उमड़ाते हुए भक्तों को मंत्र मुग्ध कर दिया। ढोलक पर संगत मोहित जायसवाल ने की।

संगीतमय सुन्दरकाण्ड अनुष्ठान कपिल जोशी द्वारा आरती एवं पुष्पान्जलि विधान के साथ सम्पन्न हुआ।

तुलसी साहित्य पूजन

इस अवसर पर हनुमानजी के श्रीविग्रह के सम्मुख तुलसीकृत साहित्य का पूजन किया गया। संत भक्त कवि तुलसीदास का पावन स्मरण करते हुए धार्मिक सांस्कृतिक पुनर्जागरण में उनके अतुलनीय योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

भजन गायकों को तुलसी सम्मान

गायत्री मण्डल की ओर से इन सभी भजनगायकों का उपरणा पहनाकर अभिनन्दन करते हुए तुलसी सम्मान प्रदान किया गया। सभी को रामचरितमानस, हनुमान साहित्य तथा मशहूर हनुमान भक्त स्व. दामोदरलाल दोसी द्वारा सृजित शोध एवं संदर्भ ग्रंथ भेंट किए गए।

गायत्री मण्डल की ओर से कार्यकारिणी सदस्य कमलकान्त भट्ट, चन्द्रेश व्यास, मधुसूदन व्यास, राजेन्द्र जोशी, विनोद चैबीसा, पुष्पा व्यास आदि ने स्वागत एवं अभिनन्दन किया।


Source: other