GMCH STORIES

राज्यपाल बागड़े ने कहा लोक कला और सांस्कृतिक विरासत संवर्धन के लिए हो प्रभावी कार्य

( Read 448 Times)

14 Jun 26
Share |
Print This Page
राज्यपाल बागड़े ने कहा लोक कला और सांस्कृतिक विरासत संवर्धन के लिए हो प्रभावी कार्य


- आधुनिक संचार प्रौद्योगिकी की चुनौतियां स्वीकार करते लोक कलाकारों और शिल्पकारों के लिए हो अधिकाधिक कार्यक्रम
- लोक भवन गोवा में पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र की संचालन समिति की वार्षिक बैठक संपन्न

गोवा/उदयपुर, राज्यपाल श्री हरिभाऊ किसनराव बागड़े ने पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र द्वारा राजस्थान सहित सदस्य राज्यों गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा तथा केन्द्र शासित प्रदेश दमण, दीव तथा दादरा नगर हवेली में कला और कलाकारों के प्रोत्साहन के लिए प्रयास करने के निर्देश दिए। साथ ही शाम को लोक भवन गोवा के सभागार में सांस्कृतियां प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया गया।




कला एवं संस्कृति मंत्री गोवा एवं पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में गोवा में एक बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का केंद्र की संचालन समिति की बैठक में निर्णय किया गया। राज्यपाल ने ग्रामीण कलाकारों को अधिकाधिक अवसर प्रदान करने और स्थानीय कलाओं, धरोहर के संरक्षण के लिए भी कार्य करने की आवश्यकता जताई।
इस अवसर पर गोवा के माननीय राज्यपाल पुसापति अशोक गजपति राजू भी बैठक में उपस्थित थे। सर्वप्रथम माननीय राज्यपाल राजस्थान ने गोवा के माननीय राज्यपाल का स्वागत किया। उसके बाद गोवा के राज्यपाल ने बैठक में अपने सुझाव रखते हुए बताया कि गोवा कला एवं संस्कृति में समृद्ध है।
उन्होंने सांस्कृतिक समन्वय के लिए पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक कला केंद्र एवं गोवा के सांस्कृतिक विभाग को कार्य योजना बनाकर गोवा में बड़े आयोजन करने का भी आह्वान किया।
उन्होंने पश्चिम क्षेत्र कला केन्द्र को कलाओं के प्रति समाज में अनुराग का वातावरण बनाने, देहात में बसने वाले कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर का मंच प्रदान करने और पारम्परिक कलाओं और कलाकारों के उत्पादों के विपणन के लिए भी कारगर प्रयास किए जाने का आह्वान किया।
श्री बागड़े शनिवार को गोवा में केन्द्र की संचालन समिति की वार्षिक बैठक में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को जोड़कर वरिष्ठ और युवा कला कार्यशालाएँ, कला प्रशिक्षण के कार्यक्रम सुदूर गांव-ढाणियों में भी निरंतर होने चाहिए। उन्होंने कहा कि वही समाज संवदेनशील बना रहता है जहां कला और कलाकारों का वास होता है।

राज्यपाल ने पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र द्वारा अपने सदस्य राज्यों राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा तथा केन्द्र शासित प्रदेश दमण, दीव तथा दादरा नगर हवेली की सांस्कृतिक विरासत तथा लोक कलाओं को आम लोगों तक पहुँचाने के लिए भी अधिकाधिक प्रयास किए जाने पर जोर दिया। उन्होंने केन्द्र द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा, मेरी माटी मेरा देश जैसे कार्यक्रमों की सराहना की तथा कहा कि उदयपुर जैसे शिल्पग्राम उत्सव अन्य स्थानों पर भी होने चाहिए। इससे स्थानीय शिल्प, कलाओं के साथ ही हस्तशिल्प तथा अन्य कला उत्पादों के प्रभावी विपणन की दिशा में भी कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र द्वारा पिछले साल आयोजित प्रमुख कार्यक्रमों एवं उत्सवों की झलकियां भी दिखाई गई। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र के निदेशक ने पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से केन्द्र की कार्यप्रणाली और वित्तीय स्थिति के बारे में बताया। इससे पहले केन्द्र के निदेशक डॉ. अश्विन एम. दलवी ने पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र द्वारा किए गए कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस दौरान विभिन्न सदस्यों ने भी अपने सुझाव रखे।
बैठक में राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा तथा केन्द्र शासित प्रदेश दमण, दीव तथा दादरा नगर हवेली के प्रतिनिधियों और अन्य कला विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियांे ने मोहा अतिथियों का मन
गोवा के लोकभवन में शाम को विभिन्न लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गई। सर्वप्रथम दीप प्रज्वलन के बाद कार्यक्रम की शुरूआत की गई। इस कार्यक्रम में गोवा गवर्नर पुसापति अशोक गजपति राजू, राजस्थान राज्यपाल श्री हरिभाऊ किसनराव बागड़े एवं गोवा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. गणेश गांवकर उपस्थित थे।
इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में राजस्थान के मांगणियार लोक गायन, भपंग वादन, भवाई नृत्य, कालबेलिया नृत्य, गोवा के देखणी एवं समाई नृत्य, महाराष्ट्र के सौंगी मुखवटे एवं गुजरात के सिद्दी धमाल की प्रस्तुतियां दी गई। अंत में सभी कलाकारों के साथ समूह चित्र खिंचवाया गया। कार्यक्रम का संचालन दुर्गेश चांदवानी ने किया।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like