GMCH STORIES

50 दिवसीय योग काउंटडाउन के तहत 17 मई रविवार को गोवर्धन सागर पाल पर होगा योग प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास

( Read 585 Times)

12 May 26
Share |
Print This Page

50 दिवसीय योग काउंटडाउन के तहत 17 मई रविवार को गोवर्धन सागर पाल पर होगा योग प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास

उदयपुर, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में चल रहे 50 दिवसीय योग काउंटडाउन कार्यक्रम के अंतर्गत आगामी 17 मई रविवार को प्रातः 6:15 बजे से 8:00 बजे तक उदयपुर के प्रमुख प्राकृतिक एवं पर्यटन स्थल गोवर्धन सागर पाल पर सामूहिक योग प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास आयोजित किया जाएगा।

यह कार्यक्रम जिला प्रशासन, आयुर्वेद विभाग, पतंजलि योग समिति, सुकृपा फाउंडेशन, ओसवाल युवा परिषद, अर्थ डायग्नोसिस, ऐश्वर्या कॉलेज ऑफ एजुकेशन, स्वास्थ्य सेतु सी ए सर्किल, गोवर्धन सागर मॉर्निंग ग्रुप, आरोग्य विहार धाम, आहुति सेवा संस्थान एवं इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स सिक्योरिटी ऑर्गेनाइजेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा।

सहायक निदेशक भानु कुमार जैन ने बताया कि 50 दिवसीय योग काउंटडाउन श्रृंखला के तहत जिले के विभिन्न ऐतिहासिक, पर्यटन एवं सार्वजनिक स्थलों पर योग गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में गोवर्धन सागर पाल पर सामूहिक योग प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास रखा गया है। उन्होंने अधिक से अधिक नागरिकों से कार्यक्रम में भाग लेकर योग को जन आंदोलन बनाने की अपील की।

योग समन्वयक एवं सहायक नोडल अधिकारी वैद्य शोभालाल औदीच्य ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को जन-जन तक पहुंचाने तथा योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के उद्देश्य से जिलेभर में लगातार योग गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। गोवर्धन सागर पाल जैसे शांत एवं प्राकृतिक वातावरण वाले स्थल पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम नागरिकों को योग एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम के दौरान कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया जाएगा। प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न आसनों की सही विधि एवं उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी भी दी जाएगी। कार्यक्रम में योग निद्रा का विशेष सत्र भी आयोजित होगा, जिससे प्रतिभागियों को मानसिक शांति एवं तनाव मुक्ति का अनुभव कराया जाएगा।

आयोजन में योग प्रेमियों, विद्यार्थियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like