उदयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) द्वारा आयोजित सहायक आचार्य (संगीत गायन) प्रतियोगी परीक्षा में उदयपुर की प्रतिभाशाली छात्रा विनीमा जांगिड़ ने पूरे राजस्थान में प्रथम स्थान प्राप्त कर मेवाड़ क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
विनीमा जांगिड़, उदयपुर के मीरा कन्या महाविद्यालय की पूर्व छात्रा हैं। उन्होंने वर्ष 2016 में संगीत विषय में एम.ए. की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और इस दौरान स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) भी प्राप्त किया। अपनी मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने तीन बार नेट और सेट परीक्षा भी उत्तीर्ण की है, जो उनकी शैक्षणिक प्रतिभा और समर्पण को दर्शाता है।
वर्तमान में विनीमा जांगिड़ जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय, जोधपुर में डॉ. स्वाति शर्मा के मार्गदर्शन में संगीत विषय में शोध कार्य कर रही हैं।
अपनी इस उल्लेखनीय सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता, गुरु डॉ. सीमा राठौड़, डॉ. दुष्यंत त्रिपाठी सहित सभी संगीत गुरुओं, परिवारजनों और मित्रों को दिया है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग, मार्गदर्शन और प्रेरणा से ही वे यह उपलब्धि हासिल कर सकीं।
विनीमा जांगिड़ की इस शानदार सफलता पर मेवाड़ क्षेत्र के शिक्षाविदों, संगीत प्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।