GMCH STORIES

जैकी श्रॉफ हुए भावुक, गाए गीत और बिखेरा अपना जादू - एनजीएमए मुंबई की ‘लेंस एंड लेगेसी’ प्रदर्शनी में बिताई एक यादगार शाम

( Read 441 Times)

13 May 26
Share |
Print This Page

जैकी श्रॉफ हुए भावुक, गाए गीत और बिखेरा अपना जादू - एनजीएमए मुंबई की ‘लेंस एंड लेगेसी’ प्रदर्शनी में बिताई एक यादगार शाम

नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट (NGMA) मुंबई में चल रही प्रदर्शनी ‘लेंस एंड लेगेसी - बॉलीवुड इन फोकस’ में उस समय एक बेहद खास और यादगार माहौल बन गया, जब दिग्गज अभिनेता जैकी श्रॉफ ने इस ऐतिहासिक प्रदर्शनी का दौरा किया। भारतीय सिनेमा की स्वर्णिम विरासत को समर्पित इस प्रदर्शनी में श्रॉफ पूरे समय बेहद आत्मीय और सहज अंदाज़ में नज़र आए। उन्होंने बिना किसी जल्दबाज़ी के पूरी प्रदर्शनी देखी और इस दौरान मेहमानों व प्रशंसकों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और बातचीत भी की। इस अवसर पर समाजसेवी डॉ. अनील काशी मुरारका, वरिष्ठ रंगकर्मी डॉली ठाकोर और लेखिका नंदिता पुरी भी उपस्थित थीं।

शाम का सबसे भावुक पल तब आया, जब जैकी श्रॉफ अभिनेता धर्मेंद्र की तस्वीर के सामने रुके। प्रदर्शनी में धर्मेंद्र को महान गायिका आशा भोसले के साथ विशेष रूप से सम्मानित किया गया है। श्रॉफ ने स्नेहपूर्वक धर्मेंद्र की तस्वीर को चूमा, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया। इसके बाद उन्होंने अभिनेता देव आनन्द की तस्वीर के सामने रुककर उसे भी प्यार से चूमा और उन यादों को साझा किया, जब देव आनंद ने उन्हें वर्षों पहले सिनेमा की दुनिया से परिचित कराया था।

पूरी शाम जैकी श्रॉफ अपने खास अंदाज़ और ऊर्जा से माहौल को जीवंत बनाए रहे। प्रदर्शनी देखते हुए वे गीत गुनगुनाते रहे और अपने पुराने दिनों की कई यादें साझा करते रहे। उन्होंने पहलवान-अभिनेता दारा सिंह की चर्चित फिल्म 'किंग कांग’ का ज़िक्र करते हुए बताया कि उन्होंने यह फिल्म मुंबई के पुराने सिल्वर थिएटर में देखी थी। उनकी इन यादों ने उपस्थित लोगों को सिनेमा के पुराने दौर की खूबसूरत दुनिया में पहुंचा दिया।

इस विशेष शाम की मेज़बानी आईएएस निधि चौधरी, निदेशक, एनजीए मुंबई ने की, जिन्होंने सभी कलाकारों और अतिथियों का स्वागत किया। ‘लेंस एंड लेगेसी - बॉलीवुड इन फोकस’ प्रदर्शनी में भारत के प्रतिष्ठित फोटो जर्नलिस्ट — प्रदीप चंद्रा, सुधाकर ओल्वे, शांतनु दास और बंदीप सिंह; फिल्म इतिहासकार एवं आर्काइविस्ट एसएमएम औसजा; तथा नेहा कामत (कामत फोटो फ्लैश) के दुर्लभ और यादगार सिनेमाई क्षणों का शानदार संग्रह प्रस्तुत किया गया है।

यह प्रदर्शनी लगातार कला प्रेमियों, सिनेमा प्रेमियों और रचनात्मक जगत से जुड़े लोगों को आकर्षित कर रही है और 30 जून 2026 तक एनजीएमए मुंबई में आम जनता के लिए खुली रहेगी।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like