जैसलमेर। जिला कलक्टर प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई, जिसमें जिले में पर्यटन विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में राज्य सरकार की बजट घोषणा वर्ष 2026-27 के अंतर्गत ऐतिहासिक पर्यटन स्थल कुलधरा में पर्यटन सुविधा केंद्र (टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर) विकसित करने के लिए विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही, टीएफसी के विकास से संबंधित संधारणीय मॉडल पर विस्तृत चर्चा हुई। जिला कलक्टर ने कहा कि कुलधरा जैसलमेर का प्रमुख आकर्षण स्थल है, इसलिए यहां पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को राज्य सरकार की मंशानुरूप जैसलमेर में पर्यटन विकास के लिए समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि जिले की पर्यटन संभावनाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। उन्होंने सहायक निदेशक पर्यटन एवं नगर परिषद के आयुक्त को इस कार्य के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए एवं योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह सांदू, नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह सोढ़ा, सहायक निदेशक पर्यटन कमलेश्वर सिंह, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान सहित पर्यटन से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।