जैसलमेर । राज्य सरकार द्वारा कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे ग्राम रथ अभियान के तहत पंचायत समिति मोहनगढ़ की ग्राम पंचायत देवा, सुल्ताना, जवाहर नगर, शास्त्री नगर एवं बहला में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
ग्राम रथ के माध्यम से ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न लोकहितकारी योजनाओं, कृषि एवं पशुपालन से संबंधित लाभकारी कार्यक्रमों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं ग्रामीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण अभियानों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही ग्रामीणों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान ग्राम रथ के गांवों में पहुंचने पर ग्रामीणों ने उत्साह एवं आत्मीयता के साथ स्वागत किया। एलईडी एवं ऑडियो-वीडियो माध्यमों से योजनाओं की जानकारी दिए जाने से ग्रामीणों में विशेष उत्सुकता देखने को मिली एवं आमजन ने इसे सरकार की प्रभावी जनजागरूकता पहल बताया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-शहरी वार्ड अभियान के संबंध में भी ग्रामीणों को जानकारी दी गई। यह अभियान जन-भागीदारी आधारित पहल है, जिसका उद्देश्य गांवों एवं शहरी वार्डों का संतुलित, समग्र एवं सतत विकास सुनिश्चित करना है। अभियान के माध्यम से आमजन की सहभागिता बढ़ाने एवं स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को गति देने के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
ग्राम रथ अभियान ग्रामीण अंचलों में सरकार और आमजन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है, जिससे पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचने के साथ-साथ उन्हें लाभान्वित होने का अवसर भी प्राप्त हो रहा है।