GMCH STORIES

फील्ड फायरिंग रेंज में चिंकारा शिकार प्रकरण का मास्टर

( Read 410 Times)

13 May 26
Share |
Print This Page
फील्ड फायरिंग रेंज में चिंकारा शिकार प्रकरण का मास्टर

       जैसलमेर । जैसलमेर जिले में आर्मी के प्रतिबंधित क्षेत्र फील्ड फायरिंग रेंज पोकरण में मार्च 2026 तथा फरवरी 2024 में घटित चिंकारों के शिकार प्रकरण के मुख्य सरगना (मास्टर माइंड) किशननाथ पुत्र रूमालनाथ जोगी निवासी बिलीया, पोकरण को वन विभाग की रेंज छायण में गठित विशेष टीम द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है।

      उप वन संरक्षक कुमार शुभ्म ने यह जानकारी देते हुए बताया कि विगत 9 मार्च 2026 को मुखबीर से सूचना प्राप्त हुई कि वन विभाग की रेंज छायण में स्थित आर्मी प्रतिबंधित क्षेत्र फील्ड फायरिंग रेंज पोकरण में मावा गांव के पास चिंकारों का शिकार हुआ है। इस संबंध में वन विभाग रेंज छायण की टीम द्वारा मौके पर सात अलग-अलग मृत चिंकारों के अवशेष अभिग्रहीत कर वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9 व 51 के तहत चिंकारा शिकार अपराध प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान प्रारम्भ किया गया।

        चिंकारा शिकार प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए संभागीय मुख्य वन संरक्षक जोधपुर अनूप के. आर.एवं वन संरक्षक जैसलमेर कुमार शुभम के निर्देशन में एसीएफ पोकरण चन्द्रशेखर कौशिक व रेंज छायण के क्षेत्रीय वन अधिकारी लक्ष्मण स्वामी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

        रेंज छायण की विशेष टीम द्वारा क्षेत्र में गहन पूछताछ की गई एवं मुखबिरों की सक्रियता बढाई गई, जिसके परिणाम स्वरूप फील्ड फायरिंग रेंज में घटित चिंकारों के शिकार में संलिप्त तीन शिकारियों नराराम पुत्र भोमाराम भील निवासी भाखरी, मोहनराम पुत्र बनाराम भील निवासी पोकरण तथा मुनाराम पुत्र कंवराराम भील निवासी रामदेवरा को वन विभाग की टीम द्वारा 10 अप्रैल, 2026 को गिरफ्तार किया गया था एवं तीनों शिकारी वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में जेल में है।

        तत्पश्चात चिंकारों के माँस को शिकारियों से खरीदकर आगे सप्लाई करने वाला आरोपी दीपाराम पुत्र जोगाराम भील निवासी पोकरण को 30 अप्रैल, 2026 को वन विभाग की टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया। इसी क्रम में चिंकारा माँस को शिकारियों से खरीदकर आगे सप्लाई करने वाला एक अन्य आरोपी डालाराम पुत्र पपुराम भील निवासी पोकरण को 06 मई, 2026 को गिरफ्तार किया गया। साथ ही अनुसंधान के दौरान फील्ड फायरिंग रेंज पोकरण में फरवरी 2024 में हुए चिंकारा शिकार प्रकरण में आरोपी राहुल उर्फ रावलराम भील निवासी रामदेवरा को वन विभाग टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया।        

          वन विभाग की विशेष टीम द्वारा 10 मई, 2026 को आर्मी के प्रतिबंधित क्षेत्र फील्ड फायरिंग रेंज पोकरण में चिंकारों के शिकार प्रकरण के मुख्य सरगना (मास्टर माइंड) किशननाथ पुत्र रूमालनाथ जोगी निवासी बिलीया, पोकरण को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर शिकार में उपयोग मे ली गई बंदूक, मोटर साईकिल, चाकू, टार्च एवं रस्सी बरामद किये गये।

           चिंकारों के शिकार प्रकरण के मुख्य सरगना किशननाथ जोगी द्वारा अब तक विभिन्न स्थानों से उसके द्वारा शिकार किये गये 09 चिंकारों के अवशेष बरामद कराये गये है, जिसमें चिंकारों की खोपड़ी, सींग, खाल तथा हड्डियां शामिल है। चिंकारा शिकार प्रकरण के मास्टर माइंड किशननाथ जोगी से वर्तमान में विभागीय अभिरक्षा में अनुसंधान जारी है। चिंकारों के शिकार प्रकरण में अब तक 07 आरोपी गिरफ्तार किये जा चुके है एवं प्रकरण में फरार अन्य आरोंपियों की तलाश वन विभाग की विशेष टीम द्वारा लगातार की जा रही है।

         चिंकारों के शिकार प्रकरण में अनुसंधान एवं आरोपियों की गिरफ्तारी करने में रेंज छायण के वनपाल झमकु, सहायक वनपाल जगदीश मेहडू, वनरक्षक रामकिशोर जाखड, अशोक रतनू, कविता स्वामी, मूलसिंह जोधा, मोहम्मद रमजान सहित अन्य वन कार्मिकों का विशेष सहयोग रहा।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like