GMCH STORIES

जिला प्रभारी सचिव एवं जिला कलक्टर ने किया वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान पोस्टर का विमोचन

( Read 482 Times)

25 May 26
Share |
Print This Page
जिला प्रभारी सचिव एवं जिला कलक्टर ने किया वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान पोस्टर का विमोचन

          जैसलमेर । राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” के तहत सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के पोस्टर का विमोचन किया गया। जिला प्रभारी सचिव एवं राजस्थान राज्य बुनकर संघ लिमिटेड के प्रबंध निदेशक महावीर प्रसाद मीणा एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने संयुक्त रूप से पोस्टर का अनावरण कर जिले में अभियान की औपचारिक शुरुआत का संदेश दिया।

        इस अवसर पर जिला प्रभारी सचिव मीणा ने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है एवं राज्य सरकार द्वारा प्रारंभ किया गया यह अभियान जल बचत, वर्षा जल संचयन, पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि मरुस्थलीय क्षेत्र जैसलमेर में जल का महत्व और अधिक बढ़ जाता है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को जल संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

        उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे जन-जन का आंदोलन बनाना है, ताकि भावी पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने विभिन्न विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।

         जिला कलक्टर जोरवाल ने कहा कि “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” के तहत जिलेभर में व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जल स्रोतों की साफ-सफाई, पौधरोपण, जल संरक्षण शपथ, रैलियां, संगोष्ठियां, विद्यालयों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन को जोड़ा जाएगा।

       उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभियान के उद्देश्यों को धरातल तक पहुंचाने के लिए नवाचारों को बढ़ावा दिया जाए तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों एवं आमजन की सहभागिता को अभियान की सफलता के लिए आवश्यक बताया।

         कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

       इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर परसराम सैनी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी, अधीक्षण अभियंता वाटरशेड कौशल पालीवाल, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like