GMCH STORIES

जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने में मीडिया की भूमिका अहम — अध्यक्ष, राजस्थान राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग

( Read 460 Times)

25 May 26
Share |
Print This Page
जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने में मीडिया की भूमिका अहम — अध्यक्ष, राजस्थान राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग

           जैसलमेर । राजस्थान राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष श्री राजेंद्र नायक ने सोमवार को जैसलमेर सर्किट हाउस में मीडिया से संवाद करते हुए कहा कि “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” जल संरक्षण, भू-जल पुनर्भरण एवं पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में अभियान का शुभारंभ गंगा दशमी एवं अधिकमास के पावन अवसर पर टोंक स्थित बीसलपुर बांध पर जल पूजन के साथ किया गया।

          उन्होंने बताया कि 25 मई से 5 जून तक चलने वाले इस अभियान के तहत प्रदेशभर में ग्राम स्तर तक जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। गांव-गांव प्रभात फेरियां, कलश यात्राएं, श्रमदान, पौधारोपण एवं जनजागरण गतिविधियां संचालित हो रही हैं। साथ ही नदी, तालाब, बावड़ी, नहर एवं अन्य पारंपरिक जल स्रोतों की साफ-सफाई एवं पुनर्जीवन का कार्य भी किया जा रहा है।

          राजस्थान राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष श्री नायक ने कहा कि राजस्थान जैसे जल संकट प्रभावित प्रदेश में “हर बूंद की कीमत” को समझते हुए राज्य सरकार स्थायी समाधान की दिशा में कार्य कर रही है। अभियान में जनप्रतिनिधियों, किसानों, युवाओं, महिलाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

          उन्होंने कहा कि किसानों एवं पशुपालकों को सूक्ष्म सिंचाई, जल प्रबंधन, प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण एवं कम पानी में अधिक उत्पादन की तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। इसके लिए किसान चौपाल, कृषि कार्यशालाएं एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

         उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने आगामी पांच वर्षों में 50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। “हरियालो राजस्थान” अभियान के तहत इस मानसून जिले में लगभग 10 लाख पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने प्रत्येक परिवार से कम से कम एक पौधा लगाने एवं उसकी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

         राजस्थान राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि इस वर्ष जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, संस्थाओं एवं ग्राम पंचायतों को “जल गौरव” सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने मीडिया बंधुओं से अपील की कि जल संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सकारात्मक भूमिका निभाएं, ताकि यह अभियान वास्तव में जनआंदोलन बन सके।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like