GMCH STORIES

मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना बनी अमरसागर के पशुपालकों का सुरक्षा कवच

( Read 498 Times)

13 Jun 26
Share |
Print This Page

मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना बनी अमरसागर के पशुपालकों का सुरक्षा कवच

     जैसलमेर । जैसलमेर जिले की ग्राम पंचायत अमरसागर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर 2026 ने पशुपालकों के जीवन में नई उम्मीद का संचार किया है। मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत पशुधन को आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर राज्य सरकार ने ग्रामीण परिवारों की आजीविका को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

      अमरसागर निवासी श्रीमती धाणी, जिनकी आजीविका मुख्य रूप से पशुपालन पर निर्भर है, बताती हैं कि उनकी दो दुधारू गायें परिवार की आय का प्रमुख स्रोत हैं। पशुओं की बीमारी या आकस्मिक मृत्यु की आशंका उन्हें हमेशा चिंतित रखती थी। ग्रामीण सेवा शिविर में मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत उनकी दोनों गायों का ₹57 हजार का बीमा किया गया और उन्हें बीमा पॉलिसी सौंपी गई। पॉलिसी प्राप्त करने के बाद उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब किसी भी अनहोनी की स्थिति में परिवार को आर्थिक संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा।

      इसी प्रकार श्रीमती देवकी देवी और श्रीमती तीजो देवी की बकरियों का भी योजना के तहत बीमा किया गया। दोनों महिलाओं ने बताया कि पशुधन उनके परिवार की आर्थिक रीढ़ है और बीमा सुविधा मिलने से भविष्य को लेकर उनका विश्वास और मजबूत हुआ है। वहीं श्रीमती सूरजा देवी ने अपनी दुधारू गाय का बीमा होने पर राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण पशुपालकों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।

     ग्रामीण सेवा शिविर में कुल सात पशुपालकों को मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना की पॉलिसियां वितरित की गईं। इससे न केवल पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा मिली, बल्कि पशुपालन व्यवसाय के प्रति उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है।

       मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक पहुंचकर उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना ग्रामीण पशुपालकों के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच बनकर उनकी आजीविका एवं आर्थिक स्थिरता को नई मजबूती प्रदान कर रही है।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like