जैसलमेर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत मोहनगढ़ में "ग्रामीण सेवा शिविर-2026" का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों से संबंधित अपने कार्यों एवं समस्याओं का मौके पर ही समाधान प्राप्त किया। शिविर के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ सुलभ एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया गया।
शिविर के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को राहत एवं सुविधाएं प्रदान की गईं। विश्वकर्मा पेंशन योजना के अंतर्गत 5 पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया गया। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 10 व्यक्तिगत शौचालयों की स्वीकृतियां जारी की गईं, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 25 कार्य पूर्णता एवं उपयोगिता प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इसके अलावा पुराने आवासों के नियमन संबंधी 7 पात्र आवेदकों को पट्टे जारी कर उन्हें स्वामित्व का अधिकार प्रदान किया गया।
उपनिवेशन विभाग द्वारा शिविर में प्राप्त प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करते हुए 31 नामांतरण एवं 4 खातेदारी प्रकरणों का समाधान किया गया, जिससे ग्रामीणों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
शिविर में राजस्व, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, सार्वजनिक निर्माण, महिला एवं बाल विकास, पशुपालन, वन, ऊर्जा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने विभागों से संबंधित कार्यों का निष्पादन करते हुए आमजन को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराईं।
शिविर में शिविर प्रभारी एवं तहसीलदार ललित चारण, सहायक आयुक्त, उपनिवेशन मुकेश मीणा, तहसीलदार, उपनिवेशन दिनेश विश्नोई, विकास अधिकारी नाथूसिंह,अतिरिक्त विकास अधिकारी हरिराम चौहान, सहायक विकास अधिकारी हुकमाराम मंगल, कनिष्ठ अभियंता, जलदाय विभाग निरमा परिहार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने शिविर में विभिन्न कार्यों के त्वरित निस्तारण एवं योजनाओं के लाभ मिलने पर संतोष व्यक्त करते हुए राज्य सरकार की इस पहल की सराहना की। ग्रामीण सेवा शिविर आमजन तक सरकारी सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने तथा प्रशासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं।