GMCH STORIES

बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की जयंती पर सामूहिक ’वन्दे मातरम् गायन का हुआ आयोजन

( Read 214 Times)

27 Jun 26
Share |
Print This Page

बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की जयंती पर सामूहिक ’वन्दे मातरम् गायन का हुआ आयोजन

     जैसलमेर । भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत मायभारत जैसलमेर द्वारा महान साहित्यकार एवं ’’वन्दे मातरम’’ के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की जयंती के अवसर पर शनिवार आज सामूहिक वन्दे मातरम गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

    जिला युवा अधिकारी पंकज ने बताया कि कार्यक्रम में संस्कृति मंत्रालय द्वारा अनुमोदित वन्दे मातरम के पूर्ण संस्करण का गरिमापूर्ण वातावरण में निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक गायन किया गया। संगठन मुख्यालय के निर्देशानुसार जिला स्तर पर सामूहिक वंदे मातरम गायन कार्यक्रम का आयोजन राजस्थान राज्य भारत स्काउट एंड गाइड, माय भारत युवा मंडल के पदाधिकारी एवं सदस्यों के सहयोग से किया गया ।

     इस अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए संगठन आयुक्त स्काउट एंड गाइड कृतिका पाराशर ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण की ऐसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की । माय भारत स्वयंसेवकों तथा विभिन्न युवा मंडलों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना, सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की भावना को सुदृढ़ करना था।

     कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया। सामूहिक स्वर में गूंजे वन्दे मातरम ने पूरे वातावरण को राष्ट्र प्रेम से ओत-प्रोत कर दिया एवं युवाओं को देश के विकास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान फातिमा, जसवंत कुमार, कासम लाल, इशिका, मुल्ताना राम, अनिल कुमार एवं अशोक आदि स्वयंसेवकों ने अपनी सराहनीय सेवाएं दी ।                


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like