GMCH STORIES

आधी रात की मुलाकात ने दिया राजनीति में रिश्तों का संदेश

( Read 320 Times)

19 Jun 26
Share |
Print This Page

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पहुंचे भाजपा नेता पंकज मेहता के घर, आत्मीयता की मिसाल बनी मुलाकात

के डी अब्बासी 

कोटा। राजनीति में विचारधाराएं और दल बदल सकते हैं, लेकिन वर्षों पुराने रिश्तों की गर्माहट और सम्मान की भावना कभी समाप्त नहीं होती। कोटा में बीती रात ऐसा ही एक भावनात्मक और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जिसने राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना दिया।

जानकारी के अनुसार, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत शुक्रवार देर रात करीब 12:30 बजे भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज मेहता के निवास पर पहुंचे। बताया जाता है कि घर पहुंचने के बाद गहलोत ने फोन कर कहा, "पंकज, मैं तेरे घर के नीचे खड़ा हूं..."। यह सुनते ही पंकज मेहता बाहर आए और दोनों नेताओं के बीच आत्मीय मुलाकात हुई।

राजनीतिक रूप से अलग-अलग दलों में होने के बावजूद दोनों नेताओं के बीच वर्षों पुराने संबंधों की झलक इस मुलाकात में साफ दिखाई दी। पंकज मेहता कभी कांग्रेस में अशोक गहलोत के निकट सहयोगियों में रहे हैं, लेकिन वर्तमान में भाजपा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद दोनों नेताओं के बीच सम्मान और अपनत्व का भाव बरकरार है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह मुलाकात केवल दो नेताओं का मिलना भर नहीं थी, बल्कि यह संदेश भी था कि राजनीति से ऊपर मानवीय रिश्तों और आत्मीयता का स्थान हमेशा महत्वपूर्ण रहता है।

अशोक गहलोत अपने राजनीतिक जीवन में विरोधियों के साथ भी संवाद और सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखने के लिए जाने जाते हैं। वहीं पंकज मेहता भी कोटा की राजनीति में ऐसे व्यक्तित्व के रूप में पहचाने जाते हैं, जिनके विभिन्न राजनीतिक दलों और विचारधाराओं के लोगों से आत्मीय संबंध हैं।

कोटा की इस आधी रात की मुलाकात ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सच्चे रिश्ते राजनीतिक सीमाओं से परे होते हैं और सम्मान की डोर समय तथा परिस्थितियों से कहीं अधिक मजबूत होती है। यह मुलाकात शहर की राजनीतिक संस्कृति में आत्मीयता और सौहार्द का एक यादगार अध्याय बन गई है।

 

 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like