GMCH STORIES

पुलिस पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान को लेकर हुई अहम बैठक, एसपी कार्यालय में उठे कई महत्वपूर्ण मुद्दे

( Read 316 Times)

24 Jun 26
Share |
Print This Page
पुलिस पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान को लेकर हुई अहम बैठक, एसपी कार्यालय में उठे कई महत्वपूर्ण मुद्दे

कोटा। कार्यालय पुलिस अधीक्षक, कोटा शहर के सभागार में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्रीमती चंचल मिश्रा की अध्यक्षता में पुलिस पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों से जुड़े विभिन्न मामलों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके त्वरित निस्तारण पर जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए एएसपी चंचल मिश्रा ने कहा कि पुलिस विभाग पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान के प्रति सदैव जागरूक रहा है तथा उनकी जायज मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में राजस्थान पुलिस सेवानिवृत्त कल्याण संस्थान के संभागीय अध्यक्ष नवनीत महर्षि एवं जिलाध्यक्ष तेजराज सिंह ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन एवं अन्य देयों का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग रखी। इसके साथ ही संगठन के पत्रों पर शीघ्र कार्रवाई, प्रत्येक माह नियमित बैठक आयोजित करने, लंबित वेतन उन्नयन एवं अन्य विभागीय प्रकरणों के निस्तारण, पुलिस लाइन में पेंशनर्स एवं उनके परिजनों के लिए नियमित मेडिकल कैंप लगाने तथा विभागीय डिस्पेंसरी में कंप्यूटर एवं वेब कैमरे की सुविधा उपलब्ध कराने जैसे मुद्दे उठाए गए।
बैठक में पेंशनर्स की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पृथक पेंशन प्रकोष्ठ स्थापित करने, यात्रा भत्ता के लंबित दावों का निपटारा करने, विभिन्न परिवादों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने, बकाया उपार्जित अवकाश भुगतान, थानों में पेंशनर्स के साथ सम्मानजनक व्यवहार तथा आरजीएचएस के अंतर्गत चिकित्सा सुविधाओं एवं दवा वितरण को प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई।
इसके अतिरिक्त पेंशनर्स को उनके क्षेत्र के थानों में सीएलजी सदस्य नियुक्त करने, थानों एवं कार्यालयों में चरणबद्ध रूप से कार्य करने का अवसर प्रदान करने तथा प्रत्येक बैठक की कार्यवाही का प्रकाशन करने संबंधी सुझाव भी रखे गए।
बैठक में पूर्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोविंद सिंह चारण, घनश्याम शर्मा, नरेंद्र कासट, प्रदेश पदाधिकारी अजय कुमार भार्गव, जगदीश प्रसाद मीणा, भंवर सिंह हाड़ा, जिला महासचिव के.के. शर्मा, अशोक कुमार गुप्ता, संभागीय महासचिव सलाहउद्दीन सिद्दीकी, मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता इस्लाम अली, विजय सिंह कुंतल, हरिशंकर, अतहर खान सहित संस्थान के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like