कोटा। कोटा शहर पुलिस की जनसेवा और सामाजिक सरोकारों की दिशा में सीआई मांगे लाल यादव की पहल पर थाना उद्योग नगर ने एक अनूठी मिसाल पेश करते हुए रविवार को थाना परिसर में पहली बार भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया। सरदार वल्लभभाई पटेल जनशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस शिविर में पुलिसकर्मियों, समाजसेवियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में रिकॉर्ड 153 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। साथ ही सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए सभी रक्तदाताओं को हेलमेट भी भेंट किए गए।
यह आयोजन पुलिस महानिरीक्षक कोटा रेंज हरेन्द्र महावर एवं पुलिस अधीक्षक कोटा शहर तेजस्वनी गौतम के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सिटी) सुभाष चंद्र मिश्रा और डीवाईएसपी वृत्त पंचम रुद्र प्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन में थाना उद्योग नगर के थानाधिकारी मांगेलाल यादव के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंकित जैन, सामाजिक कार्यकर्ता विधायक कल्पना देवी ने थाना उद्योग नगर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था के साथ-साथ ऐसे जीवनरक्षक अभियानों का नेतृत्व करना समाज के लिए प्रेरणादायी है।
शिविर की सबसे विशेष पहल यह रही कि रक्तदान को सड़क सुरक्षा अभियान से जोड़ा गया। थानाधिकारी मांगेलाल यादव ने रक्तदान करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को समाजसेवियों के सहयोग से हेलमेट भेंट कर संदेश दिया कि जिस प्रकार रक्तदान किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन देता है, उसी प्रकार हेलमेट पहनकर स्वयं का जीवन भी सुरक्षित रखा जा सकता है।
रक्तदान शिविर में एमबीएस अस्पताल की ब्लड बैंक टीम ने तकनीकी एवं चिकित्सकीय सहयोग प्रदान किया। पुलिसकर्मियों, युवाओं और आम नागरिकों के उत्साह के चलते कुल 153 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होगा।
समापन अवसर पर थानाधिकारी मांगेलाल यादव ने सभी अतिथियों, एमबीएस अस्पताल की मेडिकल टीम, रक्तदाताओं, समाजसेवियों एवं पुलिस स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस और जनता की यह साझेदारी सामाजिक सेवा के साथ-साथ आपसी विश्वास को भी मजबूत करती है।