श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डॉ. मंजू एवं जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के नेतृत्व में जारी नशा मुक्त श्रीगंगानगर अभियान के तहत श्रीगंगानगर की ग्राम पंचायत कुंडलावाली में नशे के खिलाफ सशक्त नाटक मंचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के श्री विक्रम ज्याणी ने नाटक के माध्यम से कलाकार लक्ष्या ज्याणी, सहीराम के साथ नशे की भयावह सच्चाई को मंच पर जीवंत कर दिया। नाटक की शुरुआत एक हँसते-खेलते परिवार से होती है, जहाँ खुशियाँ, सपने और उम्मीदें हैं। लेकिन जैसे ही नशा जीवन में प्रवेश करता है, वह घर धीरे-धीरे बिखरने लगता है। माँ की आँखों के सपने टूटते हैं, पिता का आत्मसम्मान चूर होता है और बच्चों का भविष्य अंधकार में डूबने लगता है।
नाटक में यह संदेश दिया गया कि नशा केवल एक व्यक्ति की समस्या नहीं है, बल्कि यह पूरे परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों का दुश्मन है। कलाकारों ने संवादों के माध्यम से बताया कि नशा सपनों को मार देता है, रिश्तों को तोड़ देता है और इंसान को खुद से दूर कर देता है। कार्यक्रम के दौरान विक्रम ज्याणी ने कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। माता-पिता, शिक्षक, युवा और समाज के हर नागरिक की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों से नशे के खिलाफ संकल्प लेने का आह्वान किया गया।