GMCH STORIES

महिलाओं को घर बैठे रोजगार प्रदान कर रही है राज्य सरकार

( Read 448 Times)

19 Mar 26
Share |
Print This Page
महिलाओं को घर बैठे रोजगार प्रदान कर रही है राज्य सरकार

श्रीगंगानगर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में रोजगार व आजीविका के क्षेत्र में महिलाओं का योगदान बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर व स्वावलंबी बनाने के लक्ष्य को लेकर मुख्यमंत्री वर्क फ्राॅम योजना संचालित की जा रही है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को उनकी अभिरूचि एवं क्षमताओं को ध्यान में रखते हुए वर्क फ्राॅमहोम-जाॅबवर्क से जोड़ना है साथ ही तकनीकी/कौशल व अन्य किसी क्षेत्र में दक्ष महिलाओं को जो वर्क फ्राॅम होम-जाॅब वर्क करने की इच्छुक है, उनको राजकीय विभागों, स्वायतशासी संस्थाओं, सार्वजनिक उपक्रमों एवं निजी क्षेत्र में वर्क फ्राॅम होम जाॅब वर्क के अवसर प्रदान करना है।
ऐसी महिलाएं जो वर्क फ्राॅम होम कर अपने परिवार को आजीविका में योगदान दे सकती हैं, उन्हें यह योजना एक उचित अवसर प्रदान करती हैं। इसके तहत विधवा, तलाकशुदा, दिव्यांग और हिंसा से पीड़ित महिलाओं को प्राथमिकता दी जाती है। यह योजना राजस्थान के महिला अधिकारिता विभाग द्वारा क्रियान्वित की गई है। सरकारी विभाग, निजी संस्थानों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के माध्यम से राजस्थान सरकार सभी पात्र महिलाओं को घर से ही काम करने के अवसर प्रदान करती है।
इस योजना के तहत जाॅब प्रदान करने वाली निजी फर्म जो महिलाओं को वर्क फ्राॅम होम प्रदान करती है और महिला कार्य भुगतान 5000 रूपये से अधिक हो तो उसे प्रशिक्षण शुल्क के तौर पर प्रति महिला प्रशिक्षण प्रोत्साहन राशि 3000 रूपये देने का प्रावधान किया गया है। इस योजना के अंतर्गत कार्यक्षेत्र सिलाई, मार्केटिंग, आभूषण निर्माण, टेली काॅलिंग, री-सेलिंग इत्यादि है। इस योजना के तहत महिलाएं आॅनलाइन काम करने के लिए प्रशिक्षण प्राप्त कर सकती हैं और अपनी रूचि के अनुसार काम चुन सकती हैं। यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मददगार है।
योजना की पात्रता के तहत महिला को राजस्थान की मूल निवासी होना और न्यूनतम आयु 18 वर्ष होना अनिवार्य है। महिलाएं निःशुल्क पंजीकरण कर इच्छित वर्क फ्राॅम-जाॅब वर्क हेतु आवेदन कर सकती हैं। निदेशालय महिला अधिकारिता द्वारा डीओआईटी के माध्यम से तैयार पोर्टल द्वारा वर्क फ्राॅम होम वर्क जाॅब के अवसर प्रदान करवाने वाले नियोजनकर्ताओं को इससे जोड़ा जाएगा। इसके लिए आवेदन एसएसओ आईडी के माध्यम से पोर्टल http://mahilawfh.rajasthan.gov.in पर किया जा सकता है। नामांकन के लिए आधार और जनआधार होना अनिवार्य है। पोर्टल पर लाॅगिन करने के पश्चात महिलाएं अपने कौशल के अनुसार उपलब्ध नौकरियों को देख सकती हैं और उनके लिए आवेदन कर सकती हैं। आवेदन के पश्चात विभाग द्वारा आवेदकों के दस्तावेजों की सफल सत्यापन के पश्चात नौेकरी के उचित अवसर प्रदान किये जाएंगे।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like