GMCH STORIES

ग्राम रथ अभियान से ग्रामीणों तक पहुंच रही है जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

( Read 443 Times)

12 May 26
Share |
Print This Page
ग्राम रथ अभियान से ग्रामीणों तक पहुंच रही है जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

श्रीगंगानगर। जिले की श्रीगंगानगर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत शिवपुर फतूही में मंगलवार को जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में ग्राम रथ अभियान के तहत संध्या चैपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला कलक्टर ने ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की उपयोगी जानकारी देते हुए इनका लाभ उठाने का आह्वान किया। जन सुनवाई में जिला कलक्टर ने ग्रामीणों की परिवेदनाएं सुनकर अधिकारियों को इनके निस्तारण के निर्देश भी दिए।
 इससे पूर्व जिला कलक्टर ने ग्रामीणों एवं आमजन से संवाद कर राज्य सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ के संबंध में जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना। जिला कलक्टर ने बताया कि ग्राम रथ यात्रा का मुख्य उद्देश्य कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीणों तक राज्य सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी सरल एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
 उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत राज्य सरकार के 13 विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ प्रचार-प्रसार सामग्री एवं साहित्य का भी वितरण किया जा रहा है। इस दौरान लोक कलाकारों और कला जत्थों द्वारा कठपुतली एवं गीत-संगीत के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रचार साहित्य का भी वितरण किया गया। एलईडी वैन के माध्यम से योजनाओं से संबंधित वीडियो फिल्म प्रदर्शित की गई।
 उद्यान विभाग की उप निदेशक श्रीमती प्रीति गर्ग और कृषि विभाग के सहायक निदेशक श्री सुशील कुमार शर्मा ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी साझा करते हुए ग्रामीणों से इनका लाभ देने का आह्वान किया।
 इसके पश्चात जनसुनवाई में ग्रामीणों की पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य सहित विभिन्न समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री महोदय की मंशा के अनुसार परिवेदनाओं का निस्तारण कर आमजन को राहत पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि रात्रि चैपाल में आने वाले सभी प्रकरणों में विभागीय अधिकारियों द्वारा गंभीरतापूर्वक कार्यवाही करते हुए पीडि़त को राहत दिलवाना सुनिश्चित करें।
 इस दौरान गंगनहर के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में जनसहभागिता का आह्वान करते हुए जिला कलक्टर द्वारा ग्रामीणों को नशामुक्त श्रीगंगानगर अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने के लिए जागरूक भी किया गया। नशे का कारोबार करने वालों की सूचना देने का ग्रामीणों से आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि आमजन नशे के खिलाफ एकजुट हों और ऐसी गतिविधियों की सूचनाएं पुलिस को उपलब्ध करवाएं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक श्री वीरेंद्रपाल सिंह ने उपस्थितजनों को नशामुक्ति की शपथ दिलवाई। इसके बाद जिला कलक्टर द्वारा खेल मैदान के नजदीक पौधारोपण भी किया गया।
 संध्या चैपाल में जिला परिषद सीईओ श्री गिरधर, एसडीएम श्री नयन गौतम, श्री अरविन्द्र सिंह, डॉ. अजय सिंगला, डॉ, सतीश शर्मा, श्री नेमीचंद वर्मा, बीडीओ, तहसीलदार, ग्राम विकास अधिकारी, पटवारी, विद्युत विभाग के अधिकारी, कार्मिक एवं ग्रामीण सहित अन्य उपस्थित रहे। 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like