GMCH STORIES

वंदे गंगा, जल संरक्षण-जन अभियान से बढ़ेगी सिंचाई सुविधा

( Read 253 Times)

28 May 26
Share |
Print This Page
वंदे गंगा, जल संरक्षण-जन अभियान से बढ़ेगी सिंचाई सुविधा

श्रीगंगानगर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर जिले में जारी ‘‘वंदे गंगा, जल संरक्षण-जन अभियान‘‘ के तहत बुधवार को मीडिया फील्ड विजिट का आयोजन किया गया। इस दौरान मीडिया कर्मियों को राज्य सरकार द्वारा जल संरक्षण से संबंधित करवाये जा रहे विभिन्न कार्यों व गतिविधियों की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए जल संरक्षण कार्यों का अवलोकन भी करवाया गया। मीडिया कर्मियों को 25 मई से आरम्भ वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान की विस्तारपूर्वक जानकारी भी उपलब्ध करवाई गई।
ड्रिप इरिगेशन से बढ़ा कृषि उत्पादन
‘‘वंदे गंगा, जल संरक्षण-जन अभियान‘‘ के तहत श्रीगंगानगर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत मोहनपुरा में जल उपयोक्ता संगम अध्यक्ष श्री मनजीत सिंह द्वारा जल संरक्षण कार्यों की जानकारी दी गई। गांव 9 वाई में ड्रिप इरिगेशन और डिग्गी के माध्यम से उन्नत खेती करने वाले काश्तकार श्री इकबाल सिंह के खेत भ्रमण के दौरान उन्होंने बताया कि किस तरह से बूंद-बूंद जल का उपयोग कर उत्पादन बढ़ाया जा सकता है। उक्त किसान द्वारा ड्रिप के माध्यम से किन्नू के बागों से बेहतर उत्पादन लिया जा रहा है। उन्होंने कृषि और उद्यान विभाग की किसान हितैषी योजनाओं की भी जानकारी दी।
पक्के खालों से आई खुशहाली
इसके पश्चात ग्राम पंचायत ओड़की के गांव 2 डी बड़ी में जल उपयोक्ता संगम अध्यक्ष श्री शमशेर सिंह द्वारा जल संरक्षण संबंधी कार्यों की जानकारी देते हुए अवगत करवाया कि किस तरह से सीमावर्ती क्षेत्रों में पक्के खालों की बदौलत खेतों में खुशहाली है। उन्होंने बताया कि खालों की नियमित सफाई करने से जल उपलब्धता और खेतों में उत्पादन बढ़ा है। मौके पर खालों की सफाई कार्य का अवलोकन किया गया। श्री शमशेर सिंह और स्थानीय किसानों द्वारा जल संसाधन विभाग के एसई श्री धीरज चावला से नहरी पानी व मोघों को लेकर चर्चा की।
राज्य सरकार जल संरक्षण के लिये प्रतिबद्ध
शिवपुर हैड में आयोजित मीडिया फील्ड विजिट के दौरान जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता श्री धीरज चावला द्वारा मीडिया कर्मियों को राज्य सरकार द्वारा जल संरक्षण कार्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि इन कार्यों के पूर्ण होने के पश्चात सिंचाई सुविधा में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि किसानों को सिंचाई के लिये पर्याप्त पानी मिल सके, इसके लिये सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। किसानों को जल के महत्व से अवगत करवाते हुए उपलब्ध सिंचाई जल के कुशलतम उपयोग के साथ-साथ डिग्गी निर्माण के लिये प्रोत्साहित किया जा रहा है ताकि कृषि उत्पादन में बढ़ोतरी हो सके।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा गंगनगर, इंदिरा गांधी नहर परियोजना, भाखड़ा नहर से सिंचित होने वाले क्षेत्र के किसानों की बेहतरी के लिये निरन्तर कार्य किये जा रहे हैं। इन कार्यों से जल संरक्षण के प्रति किसानों और आमजन में जागरूकता बढ़ी है, जिनके महत्वपूर्ण परिणाम भविष्य में आयेंगे। इन गतिविधियों से जिले में जल की उपयोगिता बढ़ी है और कम पानी में ज्यादा खेती की तकनीक से किसानों का भी लाभ बढ़ा है।
वंदे गंगा अभियान के तहत गतिविधियां जारी
ग्राम पंचायत फतूही के पंचायत भवन में ग्राम विकास अधिकारी श्री सतनाम सिंह और जेटीए श्री हरवीर सिंह बराड़ द्वारा वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जारी कार्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जल संरक्षण के साथ-साथ ग्राम पंचायत में वृहद स्तर पर पौधारोपण भी किया जा रहा है। वृहद पौधारोपण की बदौलत ग्राम पंचायत में हरियाली है और निरन्तर पौधारोपण अभियान जारी है। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान में आमजन की सहभागिता से जागरूकता बढ़ी है। मौके पर मीडियाकर्मियों द्वारा ग्राम पंचायत क्षेत्र में जोहड सफाई कार्य का भी अवलोकन किया गया।
इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक श्री अनिल कुमार शाक्य, सहायक सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी श्री रामकुमार राजपुरोहित, श्री गुरमन्दर सिंह, ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती सुनीता देवी, सहित मीडिया कर्मी मौजूद रहे।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like