श्रीगंगानगर। 21 जून 2026 को जिले में होने वाली नीट यूजी-2026 परीक्षा पूर्व की भांति पूरी तरह सख्ती के घेरे में रहेगी। जिला प्रशासन के अनुसार परीक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही या नकल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा के लिए जिले के 6 केंद्रों पर 2256 अभ्यर्थियों को पंजीकृत किया गया है, जिसके तहत प्रत्येक केंद्र के 300 मीटर तक नो-एंट्री ज़ोन लागू रहेगा, जहां अनाधिकृत लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित होगी।
परीक्षा तैयारियों को लेकर आमुखीकरण बैठक जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव के निर्देशानुसार गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में जिला नोडल अधिकारी एवं एडीएम सतर्कता श्रीमती रीना छींपा ने बताया कि इस बार भी परीक्षा केंद्रों के 300 मीटर के दायरे को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश और भीड़ जुटना वर्जित रहेगा। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा सभी केन्द्रों पर एक-एक ड्यूटी मजिस्ट्रेट तथा एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की तैनाती की गई है। परीक्षा के दिन फोटो स्टेट और साइबर कैफे की दुकानें भी बंद रहेंगी।
नीट यूजी-2026 के सह नोडल अधिकारी श्री भूपेश शर्मा ने बताया कि परीक्षार्थी को एडमिट कार्ड, मूल पहचान पत्र और पोस्टकार्ड साईज की फोटो के साथ आवंटित केंद्र पर 11 बजे केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा जबकि 1.30 बजे गेट बंद कर दिए जायेंगे। 720 अंकों के इस पेपर में कुल 180 सवाल पूछे जाने हैं। कुछ परीक्षा केंद्रों की लोकेशन गूगल मैप्स जैसे प्लेटफॉर्म पर गलत तरीके से दिखाई दे सकती है। ऐसे में अभ्यर्थियों को केवल मैप पर दिख रहे लोकेशन पिन पर निर्भर नहीं रहना चाहिए।
इस अवसर पर जिला परिषद एसीईओ श्री हरीराम चौहान, तहसीलदार श्री रवि कुमार, श्री मुकुल चौधरी, श्री महेंद्र कुमार, श्रीगंगानगर पंचायत समिति के विकास अधिकारी श्री भंवरलाल स्वामी, एनटीए सिटी को-ऑर्डिनेटर श्री सुशील कुमार, सभी केंद्रों के नोडल पुलिस अधिकारी व केंद्र अधीक्षक तथा पर्यवेक्षक मौजूद रहे।