GMCH STORIES

पूजा-अर्चना के साथ किया वीबी-जीराम जी योजना का शुभारंभ

( Read 407 Times)

02 Jul 26
Share |
Print This Page
पूजा-अर्चना के साथ किया वीबी-जीराम जी योजना का शुभारंभ

श्रीगंगानगर। जिले में विकसित भारत ग्रामीण रोजगार आजीविका गारंटी मिशन (वीबी-जीराम जी) का शुभारंभ गुरूवार को चूनावढ़ में आयोजित जिला स्तरीय जन सम्मलेन कार्यक्रम में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। अतिथियों द्वारा पूजन के पश्चात ग्रेवल सड़क निर्माण कार्य की शुरूआत की गई। इसके पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों ने कहा कि वीबी-जीराम जी योजना के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री के विकसित भारत की संकल्पना साकार होगी।
  चूनावढ़ स्थित पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में सादुलशहर विधायक श्री गुरवीर बराड़ ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री के विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए वीबी-जीराम जी योजना को लागू किया गया है। इसके माध्यम से जहां एक ओर ग्रामीण क्षेत्रों में पक्के निर्माण कार्य करवाए जाएंगे, वहीं ग्रामीणों को 125 दिन का रोजगार मिल सकेगा। उपस्थितजनों को योजना की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए श्री बराड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री थार विकास योजना के साथ-साथ वीबी-जीराम जी से ग्रामीण क्षेत्रों में भरपूर विकास और निर्माण कार्य करवाएं जाएंगे। सिंचाई खालों की मरम्मत, सड़क और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर काम करवाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जनता का पैसा जनता के हित मंें उपयोग में लाया जा रहा है। युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों से जोड़ने के लिए गांवों में खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने गत वर्षों में हुए विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए जिला प्रशासन से कच्चे सिंचाई खालों को पक्का करने के साथ-साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने का आह्वान किया।    
श्री यादे माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रहलाद राय टाक ने वीबी-जीराम जी योजना को ग्रामीण क्षेत्रों और ग्रामीणों के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से ग्रामीणों को 125 दिन का रोजगार मिलना संभव होगा।
जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने भी वीबी-जीराम जी योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई खाले, सड़क और स्कूलों में विकास-निर्माण करवाए जाएंगे। जिले की समस्त ग्राम पंचायतों से अलग-अलग कार्यों के प्रस्ताव लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की प्रगति और संसाधन निर्माण के लिए कार्य करवाए जाएंगे। वीबी-जीराम जी योजना के जरिए जिले में सिंचाई खालों के कार्य प्राथमिकता से करवाए जाएंगे ताकि किसानों को अधिक सिंचाई पानी का लाभ मिल सके और सिंचाई व्यवस्था सुदृढ़ हो सके। उन्होंने कहा कि वीबी-जीराम जी योजना के माध्यम से विकसित भारत और विकसित राजस्थान की संकल्पना को साकार करने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक और जिला कलक्टर द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया। अतिथियों द्वारा पौधारोपण के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी सौंपे गए। इसके पश्चात वीबी-जीराम जी योजना के केन्द्र-राज्य स्तरीय कार्यक्रमों का प्रसारण वीसी के माध्यम से उपस्थितजनों द्वारा देखा गया। इस अवसर पर श्री आशुतोष गुप्ता, जिला प्रमुख श्री दुलाराम इंदलिया, जिला परिषद सीईओ श्री गिरधर, एसीईओ श्री हरिराम चौहान, बीडीओ श्री भंवरलाल स्वामी, प्रशासक, श्री रविशंकर सहित अन्य मौजूद रहे। 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like