उदयपुर। शहर के तीज का चौक स्थित श्री माहेश्वरी सेवा सदन में पुरुषोत्तम मास अनुष्ठान के तहत माहेश्वरी परिवार की ओर से रविवार 17 मई से 19 मई तक "नानी बाई रो मायरो" कथा का भव्य धार्मिक आयोजन होगा।
आयोजन समिति के प्रवक्ता हेमंत लड्ढा ने बताया कि अनुष्ठान के प्रथम दिन 17 मई को प्रातः 9 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा श्री जानकीरायजी मंदिर से प्रारंभ होकर माहेश्वरी सेवा सदन, तीज का चौक पहुंचेगी। कलश यात्रा में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर मंगल गीतों एवं भक्ति संगीत के साथ शामिल होंगी।
इसके पश्चात अपराह्न 3 बजे से “नानी बाई रो मायरो” कथा प्रवचन होगा। आयोजन समिति के अनिल पलौड़ ने बताया कि कथा प्रवचन मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध कथा वाचक डॉ. पं. मिथिलेश नागर करेंगे।
“नानी बाई रो मायरो” कथा भक्त शिरोमणि नरसी मेहता की भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट श्रद्धा, भक्ति और विश्वास का प्रेरणादायी प्रसंग है। कथा में वर्णित है कि किस प्रकार भगवान श्रीकृष्ण अपने परम भक्त की लाज रखने स्वयं मायरा भरने पहुंचते हैं। यह कथा समाज को भक्ति, संस्कार, समर्पण और पारिवारिक मूल्यों का संदेश देती है। कथा आयोजन और व्यवस्था में अनिल कुमार पलोड, नरेंद्र लावटी, कैलाश इनानी, राजेश राठी, राम गोपाल लावटी, मुकेश मंत्री, अरविंद चेचानी, मुकेश मूंदड़ा आदि का भरपूर सहयोग है।
नरेंद्र लावटी के अनुसार आयोजन के अंतिम दिन 19 मई को रात्रि 8 बजे सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा। कैलाश ईनाणी, राजेश राठी, रामगोपाल लावटी, मुकेश मंत्री, अरविंद चेचानी, मुकेश मूंदड़ा आदि आयोजकों ने भक्तों, समाजजनों और श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में सपरिवार उपस्थित होकर प्रसाद के रूप में धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है।