GMCH STORIES

जिले में 17303 करोड़ के ऋण वितरण का लक्ष्य

( Read 564 Times)

11 Mar 26
Share |
Print This Page
जिले में 17303 करोड़ के ऋण वितरण का लक्ष्य

उदयपुर। मार्गदर्शी बैंक कार्यालय, उदयपुर की जिला स्तरीय समीक्षा समिति बैठक बुधवार को जिला कलक्टर नमित मेहता के निर्देशन एवं जिला परिषद सीईओ रिया डाबी की उपस्थिति में जिला परिषद सभागार में हुई। बैठक में आगामी वित्तवर्ष 2026-27 के लिए वार्षिक साख योजना का भी विमोचन एवं अनुमोदन किया गया। बैठक में जिले की जमा-अग्रिम के मूलभूत आकड़ों, प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र में ऋण उपलब्धि, साख-जमा अनुपात, कृषि ऋण एवं अन्य केंद्र/राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं के ऋण आवेदनों की प्रगति की पर चर्चा एवं उपलब्धि की समीक्षा की गई।

अग्रणी जिला प्रबंधक संजय गुप्ता ने बताया कि जिले में उपलब्ध संसाधनों का समुचित दोहन एवं आर्थिक विकास को गति देने हेतु बैठक में आगामी वित् वर्ष के लिए वार्षिक साख योजना 2026-27 का अनुमोदन मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिया डाबी द्वारा किया गया है। इस साख योजना में अगले वित् वर्ष के दौरान जिले में संचालित समस्त बैंकों को प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र में रूपये 17303 करोड़ राशि के ऋण वितरण के लक्ष्य आवंटित किये गए हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान वित् वर्ष 2025-26 में 31 दिसंबर 2025 तक के प्राप्त आकड़ों के अनुसार बैंकों ने वार्षिक लक्ष्य 14125 करोड़ के मुकाबले 12550 करोड़ रूपए की उपलब्धि प्राप्त कर ली है जो कि वार्षिक लक्ष्य का 89 प्रतिशत है।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत लाभार्थियों को सांकेतिक रूप से बीमा राशि के चेक सौंपे गए।  भारतीय रिज़र्व बैंक के अग्रणी जिला अधिकारी मनीष मंडल ने सभी बैंकों को साख जमा अनुपात में सुधार करने, कृषि क्षेत्र में ऋण प्रवाह बढ़ाने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु निर्देशित किया। बैठक में नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक नीरज यादव, भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक एस.डी. मीणा, आरजीबी के क्षेत्रीय प्रबंधक के.के. गुप्ता, आर-सेटी के निदेशक अमर दीक्षित, जिला एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक शैलेन्द्र शर्मा, महिला अधिकारिता विभाग के सयुंक्त निदेशक संजय जोशी, एन.आर.एल.एम के जिला परियोजना प्रबंधक खयाली लाल खटीक, राजीविका पदाधिकारी सहित जिले में संचालित समस्त बैंकों के प्रतिनिधि तथा अन्य सरकार समर्थित ऋण योजनाओं के विभागाध्यक्ष/प्रतिनिधि एवं मार्गदर्शी बैंक से हेमराज सोनवाल एवं नवीन अत्रे ने भाग लिया।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like