GMCH STORIES

महाराणा प्रताप जयंती पर 17 जून उदयपुर आएंगे सरसंघचालक डॉ. भागवत

( Read 393 Times)

30 Mar 26
Share |
Print This Page
महाराणा प्रताप जयंती पर 17 जून उदयपुर आएंगे सरसंघचालक डॉ. भागवत

उदयपुर। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अंतर्गत संचालित प्रताप गौरव केन्द्र 'राष्ट्रीय तीर्थ' इस बार वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती और हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह वृहद रूप से मनाएगा।

संयोग है कि प्रात: स्मरणीय महाराणा प्रताप जयंती ज्येष्ठ शुक्ल तृतीया 17 जून को है और हल्दीघाटी विजय दिवस 18 जून को, इसी संयोग के साथ महत्वपूर्ण यह भी है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत इस पावन अवसर पर 17 जून को उदयपुर में रहेंगे। इसी निमित्त प्रताप गौरव केन्द्र के तत्वावधान में सर्व समाज की सहभागिता से संभाग स्तरीय शौर्य सभा का आयोजन किया जाएगा जिसे सरसंघचालक संबोधित करेंगे। इसी शौर्य सभा में हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह के तहत वर्ष भर से चल रहे आयोजनों का समापन भी होगा।

प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि 17 जून को होने वाले इस विशाल आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस संबंध में प्रताप गौरव केन्द्र में हुई बैठक में समिति के अध्यक्ष प्रो. भगवतीप्रकाश शर्मा, महामंत्री दीपक शुक्ल, कोषाध्यक्ष सीए महावीर चपलोत, साधारण सभा के सदस्य डॉ. कैलाश सोडाणी, अशोक सिंह मेतवाला आदि ने आयोजन की आरंभिक रूपरेखा प्रस्तुत की। इसके बाद बैठक में उपस्थित शहर के गणमान्यजनों, विभिन्न समाजों के प्रबुद्धजनों, जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार और सुझाव रखे।

बैठक को संबोधित करते हुए समिति के सम्पर्क अधिकारी हनुमान सिंह राठौड़ ने आह्वान किया कि महाराणा प्रताप हमारे हैं, राष्ट्र के गौरव हैं, ऐसे में सभी का दायित्व है कि महाराणा प्रताप की गौरवगाथा आने वाली पीढ़ी तक पहुंचे भी और नई पीढ़ी मेवाड़ के गौरव पर गर्वित हो। इस भाव को जन—जन तक पहुंचाने के लिए सभी निरंतर चिंतन का संकल्प करें।

सक्सेना ने बताया कि आयोजन में सक्रिय सहभागिता के लिए बैठक में सर्वसमाज के प्रतिनिधियों से सम्पर्क करने का निर्णय किया गया। इसी के साथ 19 अप्रैल को सर्वसमाज की बैठक का भी निर्णय किया गया। 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like