उदयपुर | महान स्वतंत्रता सेनानी, भारत के पूर्व उप प्रधानमंत्री एवं सामाजिक न्याय के प्रखर प्रहरी स्व. बाबू जगजीवन राम जी की जयंती के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा द्वारा देहली गेट स्थित कारीगरों की दुकान पर उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर सोनू मोची, जगदीश मोची एवं राजू भाई मोची को तिरंगा मफलर पहनाकर सम्मानित किया गया।
समता दिवस के रूप में इस अवसर को मनाते हुए शर्मा ने उपस्थित सभी लोगों के साथ चाय एवं बिस्किट ग्रहण कर समता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया गया।
शर्मा ने कहा कि बाबू जगजीवन राम का संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय, समरसता और राष्ट्र सेवा को समर्पित रहा। वे आज भी युवाओं तथा समाज के वंचित, शोषित एवं कमजोर वर्गों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। भारतीय लोकतंत्र को सशक्त बनाने में उनका संघर्षमयी योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
उन्होंने कहा, “बाबू जगजीवन राम भारतीय लोकतंत्र के एक मजबूत स्तंभ थे। उन्होंने न केवल दलित समाज के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष किया, बल्कि देश में समानता और न्याय की स्थापना में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन हमें सामाजिक समरसता, संघर्ष और सेवा की प्रेरणा देता है।”
कार्यक्रम का समापन बाबू जगजीवन राम के सिद्धांतों को अपनाने और सामाजिक समरसता के मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ हुआ।
इस मौके पर यशपाल मीणा नारायण शर्मा, सज्जाद खान, गोविन्द सक्सेना, संजय मंदवानी, नितेश सर्राफ, चित्रु देवासी, राजवीर मेघवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।