GMCH STORIES

पर्यटन विकास को नई दिशा देगा राजस्थान होटलियर क्लब, बैठक में लिए गए अहम निर्णय

( Read 1050 Times)

07 Apr 26
Share |
Print This Page

पर्यटन विकास को नई दिशा देगा राजस्थान होटलियर क्लब, बैठक में लिए गए अहम निर्णय


उदयपुर। शहर के ऐतिहासिक स्थल द ब्राह्मपोल हवेली 1931 में राजस्थान होटलियर क्लब की समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्लब के भविष्य, सदस्यों की सुविधाओं और पर्यटन विकास को लेकर व्यापक चर्चा हुई।
बैठक में संस्थापक सदस्य रजनीकांत शर्मा, नरेंद्र मेहता, सुरेंद्र सिंह सहित समिति के सदस्य करण सिंह चंपावत, लाल सिंह झाला, गजेंद्र सिंह, रोहित जैन, हेमंत सिंह, नरपत सिंह, हितेश दतिया और रेहान अली मौजूद रहे।
बैठक में क्लब की आगामी प्रदर्शनी एवं विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। साथ ही सदस्यों को बेहतर सुविधाएं और सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए नए प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया गया। क्लब के दीर्घकालिक विकास को ध्यान में रखते हुए एक प्रभावी रणनीति तैयार करने पर सहमति बनी।
पर्यटन नगरी उदयपुर के समग्र विकास को लेकर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई। सदस्यों ने शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों की स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटकों के लिए सुविधाओं को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस दिशा में क्लब की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी सहमति व्यक्त की गई।
बैठक के प्रमुख निर्णयों में क्लब द्वारा वार्षिक सम्मेलन आयोजित करना, विकास के लिए ठोस रणनीति तैयार करना तथा उदयपुर में पर्यटन कल्याण हेतु एक विशेष समिति का गठन करना शामिल है। यह समिति पर्यटन स्थलों की सफाई, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं के सुधार पर कार्य करेगी।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने क्लब की उन्नति और पर्यटन क्षेत्र में सकारात्मक योगदान देने के लिए अपने सुझाव साझा किए। यह बैठक क्लब के लिए एक नई दिशा तय करने वाली साबित हुई, जिससे उदयपुर के पर्यटन उद्योग को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like