GMCH STORIES

बीसीआई और मोनालिसा कैमरा क्लब की ओर से महिला स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आज मधुश्री में, विशेषज्ञ देंगे परामर्श

( Read 495 Times)

07 Apr 26
Share |
Print This Page

बीसीआई और मोनालिसा कैमरा क्लब की ओर से महिला स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आज मधुश्री में, विशेषज्ञ देंगे परामर्श

उदयपुर। बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल और मोनालिसा कैमरा क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आज 8 अप्रैल को एक विशेष महिला स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा।

यह शिविर अशोका पैलेस स्थित मधुश्री हॉल में शाम साढ़े पांच बजे आयोजित होगा, जिसका उद्देश्य महिलाओं को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है।

मोनालिसा कैमरा क्लब की अध्यक्ष तमन्ना सुहालका ने बताया कि शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा महिलाओं को संतुलित आहार, मानसिक स्वास्थ्य और नियमित जांच के महत्व पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का ड्रेस कोड 'पिंक' रखा गया है और इसमें प्रतिभागियों के लिए पंक्चुअलिटी प्राइज, गणगौर स्पेशल प्राइज व आकर्षक ड्रेस प्राइज जैसे कई उपहार भी रखे गए हैं।

बीसीआई के फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी ने कहा कि स्वस्थ महिला ही स्वस्थ समाज का आधार है और बीसीआई हमेशा ऐसे सामाजिक सरोकारों के लिए तत्पर रहता है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मोनालिसा कैमरा क्लब की उपाध्यक्ष वैशाली मोटवानी, कोषाध्यक्ष मनीषा जैन और फाउंडर दीपा सबला व साधना अनुपमा सहित पूरी टीम जुटी हुई है। आयोजकों ने शहर की सभी महिलाओं से इस शिविर में भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ उठाने की अपील की है।

शिविर में मुख्य रूप से तीन विशेषज्ञ अपनी सेवाएं प्रदान करेंगी।

डॉ. मेघा (होम्योपैथिक विशेषज्ञ): मलेशिया से एमडी और फेलोशिप प्राप्त डॉ. मेघा को चिकित्सा क्षेत्र में 16 वर्षों का अनुभव है। वे ऑटोइम्यून डिसऑर्डर और महिलाओं की जटिल समस्याओं जैसे पीसीओडी व फाइब्रॉइड के उपचार में विशेषज्ञता रखती हैं। उन्हें 'आइकन्स ऑफ एशिया' और 'वंडर वुमन' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

क्लॉडिया मैक्सवेल (स्वास्थ्य एवं पोषण विशेषज्ञ): न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी से स्नातक क्लॉडिया शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लंबा अनुभव रखती हैं। वे विशेष रूप से 50 वर्ष की आयु के पश्चात स्वास्थ्य प्रबंधन, पोषण और वेगन जीवनशैली के माध्यम से स्वस्थ रहने के गुर सिखाएंगी।

डॉ. ललिता सुहालका (डाइट स्पेशलिस्ट): आहार एवं पोषण में पीएचडी प्राप्त डॉ. ललिता सुहालका कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय से मान्यता प्राप्त विशेषज्ञ हैं। वे शिविर में महिलाओं को उनकी शारीरिक आवश्यकताओं के अनुरूप सही खान-पान और डाइट चार्ट के महत्व के बारे में जानकारी देंगी।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like