GMCH STORIES

अभिव्यक्ति महोत्सव का भव्य समापनः1600 से अधिक प्रतिभाओं ने बिखेरे संस्कृति और रचनात्मकता के रंग

( Read 391 Times)

12 May 26
Share |
Print This Page

अभिव्यक्ति महोत्सव का भव्य समापनः1600 से अधिक प्रतिभाओं ने बिखेरे संस्कृति और रचनात्मकता के रंग

उदयपुर। ऐश्वर्या ग्रुप ऑफ कॉलेजेस, उदयपुर के 30वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित पांच दिवसीय “अभिव्यक्ति” सांस्कृतिक महोत्सव का 11 मई को उल्लास, सम्मान और सांस्कृतिक गरिमा के साथ भव्य समापन हुआ। महोत्सव में जूनियर, सीनियर एवं कॉलेज स्तर पर 52 से अधिक शिक्षण संस्थानों के 1600 से अधिक प्रतिभागी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि कुंवरानी निवृत्ति कुमारी मेवाड़ ऑफ उदयपुर रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि कर्नल धीरेंद्र सिंह थे। समारोह में फाउंडर प्रेसिडेंट डॉ. सीमा सिंह, बोर्ड मेंबर ऐश्वर्या सिंह सहित शहर की अनेक गणमान्य हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम वरिष्ठ रंगकर्मी दीपक दीक्षित एवं थिएटर आर्टिस्ट सुनील टांक की उपस्थिति में आयोजित हुआ। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
असिस्टेंट प्रोफेसर हर्षा मारवाल ने ऐश्वर्या ग्रुप ऑफ कॉलेजेस की 30 वर्षों की गौरवपूर्ण शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक यात्रा का परिचय दिया। महोत्सव के सफल संचालन में कॉलेज विद्यार्थियों की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही।
पांच दिवसीय आयोजन के अंतर्गत साहित्य, ललित कला, बौद्धिक, संगीत, नाट्य एवं नृत्य वर्ग की विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि महारानी साहिबा निवृत्ति कुमारी जी ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक महोत्सव विद्यार्थियों को केवल मंच ही नहीं, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास भी प्रदान करते हैं। उन्होंने शिक्षा के साथ संस्कार और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए ऐश्वर्या ग्रुप की सराहना की।
विशिष्ट अतिथि कर्नल धीरेंद्र सिंह ने कहा कि “अभिव्यक्ति” ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को साझा मंच देकर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, संवाद और रचनात्मकता का उत्कृष्ट वातावरण प्रदान किया है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नृत्य नाटिका प्रतियोगिता रही। इसमें सेक्टर-14 स्थित सेंट एंथोनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 4 फीट की वुडन रनिंग ट्रॉफी एवं ₹21,000 का नकद पुरस्कार जीता। द स्टडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल द्वितीय स्थान पर रहा, जिसे ₹11,000 का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं सेंट जॉर्ज पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त कर 7,500 रूपयें का नकद पुरस्कार हासिल किया।
इस अवसर पर “द स्टडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल” को “बेस्ट सहयोगी स्कूल अवार्ड” से सम्मानित किया गया। विजेता प्रतिभागियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को और अधिक आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम का संचालन शमील शेख एवं असिस्टेंट प्रोफेसर नीतिशा महावर ने किया, जबकि अंत में असिस्टेंट प्रोफेसर मेघना विजयवर्गीय ने सभी का आभार व्यक्त किया।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like